अलवर

अलवर में करोड़ों की GST चोरी का मामला सामने आया, करोड़ों का फर्जीवाड़ा कर चूना लगा रहा यह गिरोह

अलवर में करोड़ों की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। फर्जी काम करने वाला एक व्यक्ति गिरफ्तार किया गया है।

2 min read
Mar 08, 2019
स्टेट जीएसटी की बड़ी कार्रवाई
स्टेट जीएसटी की बड़ी कार्रवाई

अलवर. केन्द्रीय माल व सेवाकर विभाग ने अलव शहर में करोड़ों की जीएसटी चोरी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस बोगस फर्म ने अलवर शहर के तीन पतों पर कारोबार करना दिखाया जिसमें करोड़ों का फर्जी कारोबार किया। इस फर्म ने 11 करोड़ का माल खरीदना दिखाया जबकि सात करोड़ 88 लाख का माल बेचना दिखाया।

जांच में यह सामने आया है कि कृष्णा एंटरप्राइजेज नामक फर्म ने अलवर शहर के तीन स्थानों से अपना कारोबार करना दिखा रखा था। इनमें दाउदपुर, जाट कॉलोनी 200 फिट रोड और बीच का मोहल्ला है। इन्होंने जुलाई 2017 से नवम्बर 2018 तक माल का बेचान दिखाया है। इनके पास इससे सम्बन्धित कोई कागजात तक नहीं मिले हैं। केन्द्रीय माल व सेवाकर आयुक्त निशीथ गोयल ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति मनीष पुत्र जगदीश कुमार निवासी अलवर को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में इसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से इन्हें 19 मार्च तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अलवर की इस फर्म से करोड़ों की कर चोरी सामने आने की संभावना है।

गिरोह कर रहा है ऐसे कारनामें

अलवर जिले में कई ऐसे गिरोह इस तरह जीएसटी की फर्जी बिलिंग कर रहे हैं जिनसे करोड़ों के राजस्व की हानि हो रही है। इस गिरोह के एक व्यक्ति मनीष ही अभी पकड़ में आया है जिसके तार उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली से भी जुड़े हैं। जीएसटी लागू होने के साथ ही यह करोड़ों का बोगस व्यापार कर फर्जी बिल जारी कर खुद लाखों रुपए कमा रहे थे। इस मामले में ऐसे कई गिरोह सामने आ सकते हैं। इस गिरोह के लोग फर्जी बिलिंग से करोड़ों के जीएसटी इनपुट क्रेडिट लेते हैं और बाद में माल बेचना दिखाते हैं। फर्जी बिलिंग से करोड़ों का लेनदेन का प्रदेश में यह बड़ा मामला है जिसमें प्रदेश के अन्य कई जिलों में गिरफ्तारी होना तय माना जा रहा है। इस मामले में सीजीएसटी एक्ट 2017 के सेक्शन 132 के तहत 1, बी, सी, डी और सीजीएसटी एक्ट 2017 के तहत कार्रवाई की गई है। इस तरह के मामले पहले भी भिवाड़ी में पकड़े गए थे।

Published on:
08 Mar 2019 08:47 am