अलवर

रकबर के परिजनों को हरियाणा सरकार ने दिए आठ लाख रुपए, विधिक सेवा प्राधिकरण भी करेगा आर्थिक मदद

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Jul 27, 2018
Haryana government grants rs 8 lakh to rakbar khan's family
रकबर के परिजनों को हरियाणा सरकार ने दिए आठ लाख रुपए, विधिक सेवा प्राधिकरण भी करेगा आर्थिक मदद

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नूंह जिले के गांव कौल निवासी रकबर खान उर्फ अकबर खान के परिजनों के लिए पांच लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। इसी प्रकार, हरियाणा वक्फ बोर्ड के चेयरमैन रहिसा खान ने भी रकबर खान उर्फ अकबर खान के परिजनों के लिए तीन लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया। इस प्रकार से रकबर खान उर्फ अकबर खान के परिजनों को सरकार की ओर से कुल आठ लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा अभी तक की गई है।

गत दिनों रकबर खान उर्फ अकबर खान की राजस्थान के अलवर के रामगढ़ क्षेत्र में गाय व बछड़ा लाते समय भीड़ ने हत्या कर दी थी। रकबर खान उर्फ अकबर खान नूंह जिला के फिरोजपुर झिरका के गांव कौल का रहने वाला था और उसकी चार बेटियां व तीन बेटे हैं।

ह्यूमन राइट्स लॉ नेटवर्क अंर्तराष्ट्रीय मंच पर उठाएगा मामला

ह्मुमन राइट्स लॉ नेटवर्क राजस्थान की टीम ने गुरुवार को हरियाणा मे ंकोलगांव का दौरा किया और मृतक रकबर के परिजनों से मुलाकात की। इस मौके पर टीम के सदस्यों ने रकबर की मौत के मामले को मानवाधिकार की रक्षा के लिए बने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उठाने की बात कही, और मृतक के परिवार का ढांढ़स बंधाया। टीम ने सरकार से कथित गोरक्षा के नाम पर बढ़ रहे अपराधों की रोकथाम के साथ मृतक परिवार को उचित आर्थिक सहायता शीघ्र देने की मांग की।

बसपा नेता भी पहुंचे

इधर, बसपा नेता जाकिर हुसैन के नेतृत्व में कार्यकर्ता गुरुवार को कोलगांव पहुंचे और मृतक रबकर के परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान जाकिर हुसैन ने रकबर के परिवार को 51 हजार रुपए की नकद सहायता देकर पीडि़ता परिवार की हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

Published on:
27 Jul 2018 04:43 pm