अलवर

हरियाणा पुलिस का मोस्ट वांटेड था पपला, फिर भी उसे पकड़ने में राजस्थान पुलिस का नहीं किया ज्यादा सहयोग

कुख्यात अपराधी पपला गुर्जर हरियाणा पुलिस का मोस्ट वांटेड था, लेकिन फिर भी हरियाणा पुलिस ने पकड़ने में राजस्थान पुलिस का ज्यादा सहयोग नहीं मिला।

2 min read
Jan 31, 2021
Haryana Police Didn't Cooperate With Rajasthan Police To Arrest Papla
हरियाणा पुलिस का मोस्ट वांटेड था पपला, फिर भी उसे पकड़ने में राजस्थान पुलिस का नहीं किया ज्यादा सहयोग

अलवर. कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर की राजस्थान से पहले हरियाणा पुलिस को तलाश थी, लेकिन हरियाणा पुलिस उसे तीन साल में भी गिरफ्तार नहीं कर पाई। वहीं, पपला की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस का भी हरियाणा पुलिस ने ज्यादा सहयोग नहीं किया। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टर पपला गुर्जर को हरियाणा में राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था।

हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले के गांव खैरोली निवासी विक्रम उर्फ पपला गुर्जर राजस्थान और हरियाणा का मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल था। दक्षिण हरियाणा खासकर रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नारनौल और धारूहेड़ा में पपला गुर्जर का जबरदस्त आतंक है। पांच लाख के इनामी पपला पर हत्या, लूट और रंगदारी के करीब 20 मामले दर्ज हैं। उसे 2016 में नारनौल पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन दिसंबर 2017 में महेंद्रगढ़ कोर्ट में पुलिस पर फायरिंग कर साथी बदमाश पपला को हरियाणा पुलिस के शिकंजे से छुड़ा ले गए थे। इस दौरान हरियाणा पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर को गोली भी लगी थी। पपला उसके बाद हरियाणा पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। करीब तीन साल से हरियाणा पुलिस पपला के पीछे थी और उस पर दो लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया हुआ था, लेकिन हरियाणा पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई। आखिरकार पपला राजस्थान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

चुनाव के कारण पीछे हट गई हरियाणा पुलिस

छह सितम्बर 2019 को बहरोड़ थाने में गोलियां बरसा भागे पपला गुर्जर की तलाश में शुरुआत में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और उत्तरप्रदेश की टीमें लगी। सूत्रों के अनुसार राजस्थान पुलिस उस दौरान पपला के एनकांउटर का पूरा मन बनाए हुए थी, लेकिन हरियाणा में कुछ दिन बाद विधानसभा चुनाव थे। जिस कारण हरियाणा पुलिस ने अपने पैर पीछे खींच लिए। राजस्थान पुलिस को छोडकऱ बाकी सभी राज्यों की पुलिस ने पपला की तलाश के प्रयास ढीले छोड़ दिए तथा हरियाणा पुलिस ने भी राजस्थान पुलिस का अपेक्षित सहयोग नहीं किया, लेकिन राजस्थान पुलिस पपला की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी। जिसके कारण ही राजस्थान पुलिस को पपला को गिरफ्तार करने में सफलता मिल पाई है।

मंत्री पुत्र का ऑडियो भी वायरल हुआ था

कुख्यात अपराधी पपला गुर्जर को हरियाणा में पूरा राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके कारण ही वह पकड़ा नहीं जा रहा था। बहरोड़ थाने के लॉकअप से भागने के बाद हरियाणा की पूर्व सरकार के एक मंत्री के पुत्र का ऑडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह पपला को पुलिस से बचाने की बात कर रहा था। पुलिस ने पपला की तलाश में उस मंत्री के फार्म हाउस पर दबिश भी दी थी, लेकिन पपला वहां नहीं मिला।

Published on:
31 Jan 2021 09:54 pm