अलवर

राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए यह राज्य है सबसे बड़ी चुनौती, चप्पे-चप्पे पर सील होगी सीमा

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Oct 12, 2018
Haryana State Is A Challenge For Rajasthan Assembly Elections 2018
राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए यह राज्य है सबसे बड़ी चुनौती, चप्पे-चप्पे पर सील होगी सीमा

विधानसभा चुनाव में अलवर जिले के लिए पड़ोसी राज्य हरियाणा बड़ी चुनौती है। दिल्ली, उत्तरप्रदेश, हरियाणा और पंजाब के बदमाश और शराब माफिया हरियाणा के रास्ते ही अलवर से राजस्थान में प्रवेश कर सकते हैं। चुनाव में बदमाश गिरोह और शराब माफियाओं की दखल रोकने के लिए अलवर पुलिस ने चप्पे-चप्पे को सील करने की तैयारी कर ली है। चुनाव से करीब डेढ़ माह पहले ही जिले की हरियाणा बॉर्डर और संवेदनशील इलाकों में पुलिस के साथ सशस्त्र अद्र्धसैनिक बलों की टुकडिय़ां तैनात कर दी जाएंगी, जो हर चुनावी और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखेगी।

राजस्थान में विधानसभा चुनाव को देखते हुए अन्य कई राज्यों के बड़े बदमाश गिरोह और शराब माफिया सक्रिय हो गए हैं। वे राजस्थान में प्रत्याशियों को बाहुबल, शराब और नोटों की खेप उपलब्ध कराने का जिम्मा उठाने की जुगत बैठा रहे हैं। नेताओं से डील फिक्स होने के बाद चुनाव में पूरी सक्रियता निभाने की तैयारी में हैं। इन बदमाशों और शराब माफियाओं के लिए हरियाणा के रास्ते होकर अलवर से राजस्थान में प्रवेश काफी सुगम है।

बाहरी लोगों से भरवा रहे पर्चा
चुनाव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बाहरी लोगों पर निगरानी शुरू कर दी है। अलवर में आने वाले और रहने वाले अन्य जिलों व राज्यों के लोगों की गहनता से वैरिफिकेशन कराई जा रही है। जिसके तहत उनसे पर्चा-ब भराया जा रहा है। इसके लिए सिगमा व चेतक पर तैनात पुलिसकर्मियों को रोजाना टास्क दिए जा रहे हैं। शुक्रवार को जिले में पुलिस ने करीब 500 लोगों से पर्चा-ब भराते हुए वैरिफिकेशन की।

चोर रास्ते खड़ी कर सकते हैं मुसीबत

अलवर जिले के भिवाड़ी, टपूकड़ा, तिजारा, किशनगढ़बास, बहरोड़, नीमराणा, रामगढ़ व नौगांवा आदि इलाकों से हरियाणा का बॉर्डर लगता है। इन इलाकों में कई रास्ते ऐसे हैं, जो हरियाणा से सीधे अलवर में प्रवेश करते हैं। इसके अलावा सैकड़ों ऐसे चोर रास्ते हैं, जो कच्चे-पक्के, खेत, पगडंडी, पहाड़ और जंगलों से होकर भी गुजरते हैं। इन चोर रास्तों से बदमाश गिरोह, शराब माफिया और गोतस्कर आदि बॉर्डर पार करते हैं। जो पुलिस के मुसीबत खड़ी कर सकते हैं।

Updated on:
12 Oct 2018 11:49 am
Published on:
12 Oct 2018 11:49 am