
अलवर. दीपावली पर पटाखों से झुलसने व अन्य हादसों में घायल होने वाले मरीजों के इलाज के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। विभाग ने अलर्ट जारी कर चिकित्सक व मेडिकल स्टाफ को इमरजेंसी ड्यूटी के लिए पाबंद किया गया है। साथ ही दवा सहित अन्य उपचार सामग्री भी जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी व पीएचसी में भिजवा दी गई है।
राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. भगवान सहाय ने बताया कि दीपावली पर हर बार पटाखों से झुलसने व अन्य दुर्घटनाओं में घायल मरीजों की संख्या सामान्य अस्पताल में अधिक रहती है। इसी के चलते इस बार भी सामान्य अस्पताल में विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिसके तहत बर्न वार्ड के प्रभारी, नेत्र रोग विशेषज्ञ व सर्जन डॉक्टरों को अलर्ट किया गया है। कोई भी गंभीर केस आने पर ड्यूटी के लिए पाबंद भी किया गया है। मेडिकल स्टाफ को भी पाबंद किया गया। साथ ही तीन दिवसीय अवकाश के दौरान सामान्य अस्पताल में 24 घंटे की इमरजेंसी सेवा भी उपलब्ध रहेगी। अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए दवा व अन्य उपचार सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक रखा गया है। उधर, सीएमएचओ डॉ. एसएस अग्रवाल ने बताया कि दीपावली आने वाले बर्न केस, दुर्घटना व झगड़े के घायलों के इलाज के लिए सभी सीएचसी व पीएचसी पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। साथ ही स्टॉफ को ड्यूटी पर अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें दवा व उपचार सामग्री भी भिजवा दी गई है।