10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: अलवर जनाना अस्पताल में एक साथ 3 बेटियों का जन्म, 5 साल बाद मिली ख़ुशी 

अलवर के जनाना अस्पताल में एक महिला ने एक साथ तीन बेटियों को जन्म दिया है। खास बात यह है कि डॉक्टरों की टीम ने महिला की सुरक्षित नॉर्मल डिलीवरी कराई। पांच साल बाद परिवार में एक साथ तीन बेटियों की किलकारी गूंजी है।
2 min read
Google source verification
alwar janana hospital three girls born

जनाना अस्पताल में एक साथ 3 बेटियों का जन्म

अलवर के जनाना अस्पताल में एक साथ तीन बेटियों के जन्म का मामला सामने आया है। किशनगढ़ बास क्षेत्र के बृहसिंगपुर निवासी रुकसीना ने तीन बेटियों को जन्म दिया। खास बात यह रही कि डॉक्टरों की टीम ने महिला की नॉर्मल डिलीवरी कराई। तीनों बच्चियों के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रुकसीना को प्रसव पीड़ा होने पर 7 अगस्त को जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. टेकचंद के अनुसार महिला की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने प्रसव कराया। डॉ. प्रियांशी, डॉ. इंदू और डॉ. जयवीर की टीम ने तत्परता से नॉर्मल डिलीवरी कराई। इसके बाद तीनों नवजात बच्चियों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।

तीनों बच्चियां स्वस्थ

जन्म के समय तीनों बच्चियों का वजन कम था। पहली बच्ची का वजन 1440 ग्राम, दूसरी का 1580 ग्राम और तीसरी बच्ची का वजन 1220 ग्राम दर्ज किया गया। कम वजन को देखते हुए तीनों नवजातों को कुछ दिनों के लिए नर्सरी वार्ड में मशीनों की निगरानी में रखा गया।

बाल रोग विशेषज्ञों की टीम लगातार तीनों बच्चियों की सेहत पर नजर रख रही थी। उपचार और निगरानी के बाद अब तीनों बच्चियां स्वस्थ बताई जा रही हैं। उन्हें नर्सरी से सामान्य वार्ड में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल मां और तीनों बच्चियां अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

पांच साल बाद घर में गूंजी बेटियों की किलकारी

तीनों बच्चियों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है। रुकसीना के पति मुस्ताक ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे लंबे समय से घर में बेटी की उम्मीद कर रहे थे। अब एक साथ तीन बेटियों के जन्म से परिवार की खुशियां कई गुना बढ़ गई हैं।

परिवार के अनुसार, इससे पहले उनके घर में पांच साल पहले एक बेटे का जन्म हुआ था। अब पांच साल बाद एक साथ तीन बेटियों के आने से परिवार में जश्न का माहौल है। रिश्तेदार और परिचित भी परिवार को बधाई दे रहे हैं।


अलवर के जिला अस्पताल में इस मामले को लेकर खुशी और चर्चा का माहौल बना हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों बच्चियों का कम वजन होने के कारण विशेष निगरानी जरूरी थी। लगातार देखभाल के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। अब तीनों को सामान्य वार्ड में रखने की तैयारी की जा रही है।