10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Khairthal Tijara: सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास क्षेत्र में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बघेरी खुर्द गांव के दो सगे भाइयों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। दोनों भाई हरियाणा के बावल में दुकान चलाते थे और बहन के घर जा रहे थे। हादसे के बाद गांव में शोक छा गया।
2 min read
Google source verification
road accident khairthal tijara

प्रिंस व नरेंद्र दोनों सगे भाई थे (फोटो - पत्रिका)

खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास क्षेत्र के बघेरी खुर्द गांव में सड़क हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। गांव के दो सगे भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रिंस पोसवाल (20) और नरेंद्र पोसवाल (18) पुत्र कृष्ण पोसवाल के रूप में हुई है। दोनों भाई हरियाणा के बावल के इंडस्ट्रीज एरिया में दुकान चलाते थे।

जानकारी के अनुसार दोनों भाई शाम को अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक से अपनी बहन के घर संगवाड़ी भूड़ला जा रहे थे। इसी दौरान सालावास फ्लाईओवर के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। दोनों को एंबुलेंस की मदद से रेवाड़ी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे

दुर्घटना की सूचना मिलने पर थाना कसोला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर रेवाड़ी के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

दो जवान बेटों की मौत की खबर जैसे ही बघेरी खुर्द गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाई परिवार के लिए सहारा थे और मेहनत कर अपना काम कर रहे थे।

एक साथ उठी दो भाइयों की अर्थी

रविवार को दोनों भाइयों का उनके पैतृक गांव बघेरी खुर्द में अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ दो भाइयों की अर्थी उठते देख वहां मौजूद रिश्तेदारों, परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में गम का माहौल रहा। परिवार को ढांढस बंधाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

हादसे के बाद परिजन अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।