10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar: अलवर सेंट्रल जेल में कैदी ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास, जयपुर रेफर

अलवर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 27 वर्षीय कैदी ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे पहले जेल डिस्पेंसरी और फिर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने कैदी को जयपुर रेफर कर दिया।
2 min read
Google source verification
alwar central jail

अलवर सेंट्रल जेल (फोटो - पत्रिका)

अलवर सेंट्रल जेल में रविवार सुबह एक कैदी ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैदी की पहचान 27 वर्षीय शाहरुख उर्फ गट्टू पुत्र जोरमल खान निवासी छिलोड़ी, थाना राजगढ़ के रूप में हुई है। वह हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे जेल में टॉयलेट और बाथरूम की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान शाहरुख ने मौका पाकर सफाई में इस्तेमाल होने वाली फिनाइल की बोतल उठा ली और उसे पी गया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही जेलकर्मियों ने उसे तत्काल जेल डिस्पेंसरी पहुंचाया।

जेल डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे अलवर के सामान्य अस्पताल भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया, लेकिन हालत चिंताजनक होने पर उसे आगे के इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया। कैदी को जयपुर ले जाने की प्रक्रिया के दौरान जेल प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी रखी गई।

पहले भी कर चुका है आत्महत्या का प्रयास

शाहरुख द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 5 मई 2025 को भी उसने जेल में शेविंग ब्लेड से अपने प्राइवेट पार्ट पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया था। उस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था।

शाहरुख वर्ष 2021 से हत्या के मामले में जेल में बंद है। न्यायालय से दोष सिद्ध होने के बाद उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। मामले के अनुसार शाहरुख ने संपतराम का खेत बांटे पर लिया हुआ था। बताया गया कि वह संपतराम को बाइक पर बैठाकर खेत पर ले गया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद के दौरान शाहरुख पर संपतराम की गला दबाकर हत्या करने का आरोप था। मामले की सुनवाई के बाद उसे दोषी ठहराया गया और आजीवन कारावास की सजा हुई। रविवार को एक बार फिर फिनाइल पीने की घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटाई। घटना के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है।