शहर में दिनभर अंगारे बरसे। चिलचिलाती धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाए। पूरा शहर भट्टी सा तपता रहा। सूर्यास्त के बाद रात को भी गर्म हवा का जोर रहा। लू से बचने के लिए लोग कपड़ों से मुंह ढककर निकलने को मजबूर हैं। गर्मी का असर कम करने के लिए शहर में अग्निशमन वाहनों पर लगी एंटी स्मॉग गन मशीनों के माध्यम से पानी का छिड़काव किया गया। अत्यधिक विद्युत कटौती के कारण जलदाय विभाग की ओर से होने वाली पेयजल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
गर्मी के चलते पूरा शहर भट्टी बना हुआ है। पिछले कई दिनों से तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। बुधवार को भी तेज गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह 7 बजे से ही तेज गर्मी का असर शुरू हो गया। दोपहर 12 बजे तक आसमान से अंगारे बरसना शुरू हो गए। दोपहर बाद बादलवाही ने धूप से निजात दिलाई, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री से. के पार रहा।
शहर में भी सुबह से ही तेज गर्मी का असर रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ा गर्मी तेज हो गई। पूरा दिन आसमान से अंगारे बरसे। इस दौरान गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को झुलसाया। तेज धूप के चलते लोग घरों में कैद रहे। बाजार में भी दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। कूलन व पंखे भी फेल नजर आए। माैसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में गर्मी तेज होगी और दिन का पारा 45 डिग्री से. के पार होने की संभावना है। ऐसे में गर्मी का असर और बढ़ेगा। अभी रात का पारा नियंत्रण में है, लेकिन आने वाले दिनों में रात को भी पारा बढ़ने की आशंका जताई है।
शहर में अघोषित कर्फ्यू के हालात
तेज गर्मी के चलते शहर में अघोशित कर्फ्यू जैसे हालात हैं। पूरा दिन सड़कें सूनी हैं और जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। दिनभर व्यापारियों को ग्राहकों का इंतजार है। इस समय मांगलिक कार्यों पर भी रोक लगी है, ऐसे में लोग खरीदारी से भी बचते नजर आ रहे हैं।
पार्कों में सुबह व शाम को भीड़
गर्मियों का अवकाश शुरू होने के साथ ही शहर के पार्कों में लोगों की भीड़ पहुंच रही है, लेकिन यह सुबह, शाम व रात को ही नजर आ रही है। तेज धूप की वजह से दोपहर में बगीचे सूने पड़े हैं। शाम को ही शहर की सड़कों पर लोग नजर आ रहे हैं।
शीतल पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ी
गर्मी की वजह से शहर में ज्यूस, कुल्फी, आइसक्रीम, छाछ, कैरी की छाछ सहित सभी शीतल पेय पदार्थों की बिक्री में जबर्दस्त उछाल आया है। रात के वक्त नंगली सर्किल, रोड नं.2 सहित सभी मुख्य सड़कों पर आइसक्रीम, कुल्फी के ठेले लग रहे हैं।