https://www.patrika.com/alwar-news/
अलवर. राजस्थान के जाने माने एप डवलपर अलवर के शिक्षक इमरान खान मेवाती और राजगढ़ चूरू की सुमन जाखड़ को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने शुक्रवार रात शिक्षकों की सूची जारी की है। शिक्षकों को 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस पर दिल्ली के विज्ञान भवन में उप राष्ट्रपति सम्मानित करेंगे। उन्हें गत वर्ष नेशनल आईटीसी अवार्ड से नवाजा जा चुका है। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से शुक्रवार रात को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई। इसमें राजस्थान प्रदेश से दो शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें एक अलवर के शिक्षक इमरान खान शामिल हैं। पुरस्कार प्राप्त करने के लिए इमरान आगामी 3 सितम्बर को दिल्ली रवाना होंगे। उन्हें यह सम्मान 5 सितम्बर शिक्षक दिवस पर विज्ञान भवन में दिया जाएगा।
पुरस्कार बच्चों को समर्पित
इधर इमरान खान ने कहा कि वे यह पुरस्कार माता-पिता, गुरुजनों के साथ ही विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों को समर्पित करते हैं। सबसे ज्यादा प्रेरणा उन बच्चों से मिलती रही। यहां तक पहुंचने में मेरे परिवार, स्टाफ सदस्य व मित्रों का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने शिक्षक के रूप में इस पुरस्कार के लिए उनके नाम के चयन को शानदार अनुभव बताया। इमरान खान ने शिक्षकों के साथ अपने मूलमंत्र को साझा करते हुए कहा कि पुरस्कार के लिए नहीं बल्कि उन बच्चों के लिए मन से काम करें, जो हमारे विद्यालय में पढ़ते हैं। उनके लिए आप क्या सर्वोत्तम कर सकते हैं, वह करिए, ऐसा करने से नए रास्ते अपने आप खुल जाएंगे और जो सुकून मिलेगा, वहीं आपका असली पुरस्कार होगा।
जिले से तीन शिक्षकों का नाम तय किया था समिति ने
मंत्रालय की ओर से इस बार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की चयन में बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लिए गए। इस साल जिले से केवल तीन शिक्षकों के नाम को राज्य स्तरीय समिति को भेजा गया था। राज्य स्तर पर प्रजेंटेशन के बाद राजस्थान 6 शिक्षकों का चयन कर शिक्षकों के नाम केन्द्र सरकार को भेजे गए और वहां निर्णायक मंडल के सामने प्रजेंटेशन के बाद राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षकों का अंतिम चयन किया गया। इस प्रक्रिया में देश भर से 6615 शिक्षकों ने पुरस्कार के लिए आवेदन किया, जिनमें से 45 का अंतिम रूप से चयन किया गया। इनमें अलवर के इमरान खान भी शामिल हैं। पूर्व में देश में हर साल 300 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया जाता था।
प्रधानमंत्री भी कर चुके इमरान का जिक्र
इमरान खान मेवाती संस्कृत शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवम्बर 2015 में इंग्लैंड में एक भाषण के दौरान इमरान खान का जिक्र किया था। तब उन्होंने कहा था कि, मेरा भारत अलवर के इमरान खान में बसता है। खान ने अब तक 80 मोबाइल एप बनाकर नि:शुल्क देश के लिए समर्पित किए हैं। इनके करीब 1.5 करोड़ लोग जुड़े हुए हैं। हाल ही में उन्होंने राज्य सरकार के लिए दिशारी एप का निर्माण भी किया है।