19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Alwar / Alwar Panchayat Election Result: जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे कल, 540 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

Alwar Panchayat Election Result: जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे कल, 540 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

अलवर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव का इंतजार अब खत्म होने वाला है। 20 नवंबर को 39 जिला परिषद वार्डों और 11 पंचायत समितियों के नतीजे घोषित होंगे। मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए भाजपा-कांग्रेस ने बाड़ाबंदी तेज कर दी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 19 Nov 2026, 11:40 AM IST

Alwar Panchayat Election Result

बाबू शोभाराम कला महाविद्यालय में बनाए गए मतगणना स्थल (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव परिणाम शुक्रवार को सामने आएंगे। जिला परिषद के 39 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 90 प्रत्याशियों और 11 पंचायत समितियों के 450 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। मतगणना को लेकर प्रत्याशियों के साथ राजनीतिक दलों की नजरें भी नतीजों पर टिकी हैं। प्रशासन ने अलवर के कला महाविद्यालय में मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परिसीमन के बाद अलवर जिले में अब 11 पंचायत समितियां हैं। इनमें गोविंदगढ़, कठूमर, खेरली-सौंखर, लक्ष्मणगढ़, मालाखेड़ा, मुबारिकपुर, उमरैण, राजगढ़, रैणी, रामगढ़ और थानागाजी शामिल हैं। इन पंचायत समितियों में सदस्यों के कुल 221 पद हैं। वहीं जिला परिषद में सदस्यों की संख्या 39 है। इस बार भाजपा और कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। कुछ सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी भी मुकाबले में हैं।

जिला प्रमुख की कुर्सी पर भाजपा-कांग्रेस की नजर

चुनाव परिणाम आने से पहले ही जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपना जिला प्रमुख बनाने की रणनीति पर काम कर रही हैं। इसके लिए दोनों दलों ने अपने जिला परिषद प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी कर रखी है। प्रत्याशियों को दूसरे राज्यों के होटलों में ठहराया गया है, ताकि नतीजे आने तक वे पार्टी के संपर्क में रहें।

कोलकाता के होटल में भाजपा प्रत्याशी

भाजपा ने अपने कई जिला परिषद प्रत्याशियों को कोलकाता के एक होटल में ठहराया हुआ है। पार्टी नेताओं का दावा है कि उनके साथ 43 जिला परिषद प्रत्याशी हैं। हालांकि, मतगणना के बाद इनमें से कितने प्रत्याशी पार्टी के साथ बने रहते हैं, यह चुनाव परिणाम तय करेंगे। चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों के वापस लौटने की संभावना भी जताई जा रही है।

कांग्रेस ने भी दूसरे राज्यों में की बाड़ाबंदी

इधर, कांग्रेस ने भी अपने जिला परिषद प्रत्याशियों को दूसरे राज्यों में ठहराया है। पार्टी की ओर से प्रत्याशियों के मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी पाबंदी रखी गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल जिला प्रमुख का पद हासिल करने के लिए अपने समर्थक प्रत्याशियों को एकजुट रखने में जुटे हैं।

अब सभी की नजरें 20 नवंबर को होने वाली मतगणना पर हैं। नतीजे आने के बाद ही साफ होगा कि जिला परिषद में किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं और जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए किसके पास समर्थन का आंकड़ा होगा।