19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Alwar / Sariska Tiger Reserve: सरिस्का में बाघों की सेहत के लिए ‘वन हेल्थ’ मॉडल लागू

Sariska Tiger Reserve: सरिस्का में बाघों की सेहत के लिए ‘वन हेल्थ’ मॉडल लागू

अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में अब बाघों को बीमारियों से बचाने के लिए खास निगरानी व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसके तहत वन हेल्थ मॉडल अपनाया जाएगा। बाघों में बीमारी की समय पर पहचान के साथ जंगल के आसपास रहने वाले गांवों में कुत्तों का टीकाकरण भी किया जाएगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 19 Nov 2026, 11:26 AM IST

Sariska Tiger Reserve

तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला (फोटो - पत्रिका)

सरिस्का में बाघों की बढ़ती संख्या के साथ अब उनकी सेहत और बीमारियों से सुरक्षा को लेकर भी निगरानी का दायरा बढ़ाया जा रहा है। वन्यजीवों से इंसानों और पालतू पशुओं में तथा पशुओं से वन्यजीवों में बीमारियां फैलने के खतरे को देखते हुए यहां बुधवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू हुई। अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आइबीसीए) और विश्व बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में देश के दस राज्यों के वन अधिकारी और वन्यजीव पशु चिकित्सक हिस्सा ले रहे हैं। इसमें बड़ी बिल्लियों में होने वाली बीमारियों की पहचान, रोगों की निगरानी और मानव-पशुधन-वन्यजीव के बीच बेहतर समन्वय की रणनीति तैयार की जाएगी।

एक होटल में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि मानव, पशुधन, वन्यजीव और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। ऐसे में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए 'वन हेल्थ' की अवधारणा आज की जरूरत है। सरिस्का में वर्ष 2004-05 में बाघविहीन होने के बाद जून 2008 में देश का पहला बाघ पुनर्स्थापन किया गया था। आज यहां करीब 58 बाघ हैं। सरिस्का के कोर क्षेत्र में 29 गांव बसे हैं। ऐसे में गांवों से जंगल और जंगल से गांवों तक बीमारी पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरिस्का में कैनाइन डिस्टेंपर से वन्यजीवों को बचाने के लिए रिजर्व के भीतर और आसपास के गांवों में कुत्तों के टीकाकरण की पहल की गई है।

वन्यजीव पशु चिकित्सकों को अलग कैडर बनाने का सुझाव

वन मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वन्यजीवों के लिए आधुनिक रेस्क्यू वाहन खरीदने और अलवर में वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने पर भी काम कर रही है। टाइगर रिजर्व के आसपास पशुपालन विभाग के सहयोग से पशुधन और कुत्तों का टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। वन, पशुपालन और स्वास्थ्य विभागों के बीच समन्वय बढ़ाया जाएगा। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष में जान गंवाने वालों के परिजनों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने की जानकारी भी दी। साथ ही टाइगर रिजर्व में वन्यजीव पशु चिकित्सकों का अलग कैडर बनाने और विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप व शोध के अवसर बढ़ाने का सुझाव दिया।

रोग निगरानी को मजबूत बनाने की जरूरत

पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक आरएन मेहरोत्रा ने बाघ पुनर्स्थापन के अनुभव साझा किए। वहीं आइबीसीए और विश्व बैंक के विशेषज्ञों ने वन्यजीव रोग निगरानी को मजबूत बनाने पर जोर दिया। कार्यशाला 20 नवंबर तक चलेगी। 19 नवंबर को विशेषज्ञ बड़ी बिल्लियों में होने वाले रोगों, उभरते संक्रमण और संयुक्त रोग निगरानी पर तकनीकी सत्र व पैनल चर्चा करेंगे। 20 नवंबर को सरिस्का में फील्ड प्रैक्टिकल होगा। इसमें जैविक नमूना संग्रह, जैव सुरक्षा, बड़ी बिल्लियों में रिमोट बायोप्सी, नमूनों का संरक्षण, शव परीक्षण और शिकार एवं विषाक्तता के मामलों में फॉरेंसिक नमूना संग्रह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक केसीए अरुण प्रसाद, क्षेत्र निदेशक संग्राम सिंह कटियार समेत कई अधिकारी रहे।