18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Alwar Road Accident: प्याज बेचकर घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत

अलवर शहर के मन्नाका रोड पर सड़क हादसे में 23 साल के युवक की जान चली गई। युवक कृषि उपज मंडी में प्याज बेचकर पैदल अपने गांव लौट रहा था, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 18 Nov 2026, 12:00 PM IST

alwar road accident

प्याज बेचकर लौट रहे युवक की मौत

अलवर में मन्नाका रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के मन्नाका रोड पर हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इस हादसे में बागड़ तिराहा थाना क्षेत्र के गांव साड़ोली निवासी दिनेश प्रजापति (23) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दिनेश अलवर कृषि उपज मंडी में प्याज बेचने आया था। अपना काम पूरा करने के बाद वह 200 फीट रोड होते हुए पैदल ही गांव लौट रहा था। इसी दौरान मन्नाका रोड के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजीव गांधी सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पांच महीने पहले बना था पिता

दिनेश की मौत की खबर गांव साड़ोली पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश घर का इकलौता बेटा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। करीब पांच महीने पहले ही उसके घर में बच्चे का जन्म हुआ था। परिवार में अभी बच्चे के आने की खुशियां थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए मन्नाका रोड और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था और हादसा किस तरह हुआ।

दिनेश मंडी में प्याज बेचने के बाद अपने गांव लौट रहा था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में हुआ यह हादसा उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान पर केंद्रित है ताकि जल्द से जल्द आरोपी वाहन और ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।