नौगांवा. नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 इस बार 1 अप्रेल से शुरू हो रहा है, लेकिन प्रदेश के शिक्षा विभाग की तैयारी में एक बड़ी चूक सामने आई है। कक्षा 9वीं और 11वीं की पूरक परीक्षा का कार्यक्रम अभी तक जारी नहीं किया गया, जिससे शिक्षक, संस्था प्रधान, छात्र और उनके अभिभावक परेशान हैं। जानकारी के […]
नौगांवा. नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 इस बार 1 अप्रेल से शुरू हो रहा है, लेकिन प्रदेश के शिक्षा विभाग की तैयारी में एक बड़ी चूक सामने आई है। कक्षा 9वीं और 11वीं की पूरक परीक्षा का कार्यक्रम अभी तक जारी नहीं किया गया, जिससे शिक्षक, संस्था प्रधान, छात्र और उनके अभिभावक परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार वार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव के बाद 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 7 से 19 मार्च तक आयोजित की गई थीं और परिणाम 25 मार्च को घोषित किए। अब नए सत्र के साथ 1 अप्रेल से स्कूल खुलने जा रहे हैं, लेकिन जिन छात्रों ने वार्षिक परीक्षा में किसी विषय में फेल किया या मेडिकल कारणों से शामिल नहीं हो पाए, उनके लिए पूरक परीक्षा का कोई शेड्यूल अभी तक नहीं आया है। विद्यालयों में स्थिति कठिन बनी हुई है। एक संस्था प्रधान ने बताया कि उनके स्कूल में 5 छात्र पूरक परीक्षा के लिए योग्य हैं, लेकिन निर्देश न मिलने के कारण कोई तैयारी नहीं हो पा रही है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि 1 अप्रेल की आपाधापी में विभाग ने मुख्य वार्षिक परीक्षाओं और नए सत्र की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित कर लिया, लेकिन पूरक परीक्षा को नजरअंदाज कर दिया गया। आमतौर पर रिजल्ट घोषित होने के कुछ दिनों के भीतर पूरक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया जाता है, ताकि छात्र जल्द से जल्द बैक पेपर क्लियर कर सकें। छात्र और अभिभावक चाहते हैं कि शिक्षा विभाग तुरंत 9वीं एवं 11वीं की पूरक परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी करे।कार्यक्रम जारी किया जाएगा
शिक्षा निदेशालय से संपर्क किया गया है। जल्द ही पूरक परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।महेश मेहता, जिला शिक्षा अधिकारी, अलवर।
-शिक्षा विभाग के अधिकारी ने किया निरीक्षण
नौगांवा. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 3 से 18 वर्ष तक के सभी बालक-बालिकाओं को स्कूलों में नामांकित करने के उद्देश्य से प्रवेशोत्सव सघन अभियान के तहत हाउसहोल्ड सर्वे कार्य शुक्रवार से प्रारम्भ हुआ। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के आला अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है कि सर्वे 25 मार्च से शुरू हो चुका है। इसके अलावा चार विशेष सघन सर्वे दिवस 27 मार्च, 6 अप्रेल, 10 अप्रेल और 15 अप्रेल निर्धारित किए है। इन दिनों जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से पूरे क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा।
आदेश में स्पष्ट किया है कि प्रवेशोत्सव सघन अभियान की निर्धारित तिथियों पर विद्यालयों में 100 प्रतिशत निरीक्षण कार्य सुनिश्चित किया जाएं। सम्बन्धित अधिकारी विजिट के दौरान सर्वे की गुणवत्ता की जांच करेंगे। शिक्षक ऐप के माध्यम से डेटा प्रविष्टि की शुद्धता सुनिश्चित करेंगे और घर-घर जाकर यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पंचायत में कोई घर सर्वे से वंचित न रहे। सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जिले के समस्त यूसीईओ/पीईईओ को उनके क्षेत्र में सघन सर्वे एवं निरीक्षण करने के निर्देश देंगे।