
SHO को मासूम कृष्णा देखकर मुस्कुराया, तो SHO ने बच्चे को गोद में उठा लिया (फोटो - पत्रिका)
अलवर जिले के नीमराणा कस्बे में 22 माह के बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। रविवार शाम होली टीबा क्षेत्र से अगवा किए गए मासूम कृष्णा को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसीकलां से बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में बिहार के रोहतास जिले के निवासी 34 वर्षीय विवेक कुमार को गिरफ्तार किया है। बच्चे के मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
जिला पुलिस अधीक्षक सतबीर सिंह के अनुसार, आरोपी ने जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के शाहपुरा से बाइक चुराई थी। इसी बाइक से वह 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे नीमराणा पहुंचा। यहां होली टीबा क्षेत्र से उसने 22 माह के कृष्णा का अपहरण कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की और आरोपी के संभावित रास्तों की जांच की।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे को अगवा करने के बाद आरोपी बाइक से शाहजहांपुर, बावल, रेवाड़ी और फरीदाबाद होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचा। जांच के दौरान पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी। आखिरकार मासूम कृष्णा को मथुरा जिले के कोसीकलां से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विवेक कुमार के बैग से पीतल का त्रिशूल, मेहंदी की पत्तियां, चूड़ियां और पीली धातु की अंगूठी सहित कुछ सामग्री मिली है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी अंधविश्वास से प्रभावित होकर बच्चे की बलि देने की मंशा रखता था। हालांकि, इस आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
मासूम कृष्णा की सकुशल बरामदगी के बाद उसके पिता ने उसे गोद में उठा लिया। इस दौरान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे। मासूम ने उन्हें देखकर मुस्कुराया, तो थाना प्रभारी ने उसे गोद में उठा लिया। बच्चे के सकुशल मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अपहरण के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने नीमराणा पुलिस टीम की मुस्तैदी और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है।
Updated on:
21 Oct 2026 05:45 pm
Published on:
21 Oct 2026 05:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
