अलवर

अलवर में यहां विधायक जिग्नेश मेवाणी के आने की सूचना के बाद लगाई धारा 144, प्रशासन में मचा हडक़ंप

अलवर में यहां विधायक जिग्नेश मेवाणी के दौरे की सूचना के चलते प्रशासन ने अचानक उठाया कदम।
2 min read
May 13, 2018
jignesh mewani in alwar, Section 144 implemented in this area

अलवर. जिला प्रशासन ने खैरथल कस्बे में कानून व्यवस्था के लिए शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक के लिए धारा 144 लागू की है। किशनगढ़बास उपखंड अधिकारी ने देर रात धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए। गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी के क्षेत्र में दौरे की आशंका के चलते प्रशासन नेे यह कदम उठाया है। उच्च स्तर से आए निर्देश के बाद तुरत-फुरत में शनिवार रात को आदेश जारी किए गए हैं। 2 अप्रेल को बंद के दौरान खैरथल में हुई हिंसा के बाद प्रशासन यहां हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है।

इससे पहले भी मेवाणी को राज्य में अन्य जगहों पर कार्यक्रम आयोजित करने से रोका जा चुका है। इधर, मेवाणी के दौरे की कहीं पर भी पुष्ट जानकारी नहीं है। किशनगढ़बास के एसडीएम सुभाष यादव ने धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। देर रात तक पूरा जिला प्रशासन इसे लेकर चर्चा करता रहा और अंत में धारा 144 लागू करने के आदश दिए गए। नीमराणा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु का कहना है कि मेवाणी के कार्यक्रम की अधिकृत सूचना नहीं है। कुछ बाहरी लोग क्षेत्र में माहौल बिगाडऩा चाहते हैं। इसलिए एतिहात के तौर पर यह कदम उठाया जा रहा है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय बीएल रमण ने बताया कि खैरथल नगर पालिका क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए किशनगढ़बास एसडीएम ने धारा 144 लागू की है। इस दौरान खैरथल नगर पालिका क्षेत्र में बिना अनुमति के सभा, जुलूस एवं रैली आदि आयोजनों पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि यह निर्णय खैरथल क्षेत्र में कुछ बाहरी लोगोंं के पहुंचने की आशंका के चलते किया गया है। प्रशासन को आशंका है कि मेवाणी व अन्य लोगों के झाडोली गांव में मृतक पवन के घर जाने के बाद खैरथल में सभा आयोजित की जा सकती है।

मृतक के पिता ने कहा, जानकारी नहीं

गत दिनों भारत बंद के मृतक पवन के पिता जल्ला राम ने भी रविवार को उनके गांव झाडोली में किसी भी आयोजन से इनकार किया है। वहीं जिग्नेश मेवाणी व अन्य किसी नेता को बुलाने या पहुंचने की जानकारी से पूरी तरह पल्ला झाड़ा है। मृतक के पिता जल्ला राम का कहना है कि वह अपने मृतक पुत्र को लेकर कोई कार्यक्रम नहीं कर रहे हैं।

Published on:
13 May 2018 09:31 am