अलवर

राजस्थान: कांवड़ यात्रा में मची अफरा-तफरी, 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आया DJ कैंटर, 5 झुलसे

Kanwar Yatra Accident: राजस्थान के खैरथल-तिजारा में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की लाइन से डीजे कैंटर टकराने पर कांवड़िया समेत 5 लोग झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2 min read
Aug 11, 2026
kanwar yatra electrocution accident
Ai Generated Image

अलवर। राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शेखपुर थाना क्षेत्र के जोजाका गांव में कांवड़ यात्रा के आगे चल रहा डीजे कैंटर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में कैंटर में सवार पांच लोग झुलस गए। इनमें कैंटर के ऊपर बैठे चार युवक और एक कांवड़िया शामिल है। हादसे के बाद कांवड़ यात्रा में अफरा-तफरी मच गई और यात्रा में शामिल लोग घायलों को तुंरत तिजारा अस्पताल ले जाया गया।

हादसे में पांच लोग घायल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में डीजे कैंटर के ऊपर बैठे चार युवक सागर, मोहित, करण और सुनील झुलस गए। इनके अलावा एक कांवड़िया भी करंट की चपेट में आने के कारण झुलस गया। बताया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे कैंटर आगे चल रहा था। इसी दौरान कैंटर के ऊपर बैठे लोग सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गए।

चार घायलों की हालत गंभीर

हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए तिजारा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें से चार लोगों की हालत डॉक्टरों ने गंभीर बताई। इस वजह से इन चारों को उपचार के लिए अलवर रेफर कर दिया गया। चारों को अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल लाया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने उठाए सवाल

हादसे के बाद घायलों के परिजनों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन काफी नीचे थी और सड़क से करीब 10 फुट की ऊंचाई पर थी। इसी वजह से डीजे कैंटर के ऊपर बैठे लोग विद्युत लाइन के संपर्क में आ गये।

बता दें कि हादसे के दौरान विद्युत लाइन भी टूट गयी। विद्युत लाइन की चपेट में आने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हादसे से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

Updated on:
11 Aug 2026 02:31 pm
Published on:
11 Aug 2026 02:31 pm