अलवर

Rajasthan Politics: पंचायत चुनाव के बीच BJP प्रत्याशियों ने नेपाल में- तो कांग्रेस ने शिमला में मनाई दिवाली, जानिए बाड़ेबंदी पर लेटेस्ट अपडेट

Alwar Political News: कठूमर एवं बानसूर पंचायत समिति चुनाव से पहले बाड़ेबंदी तेज। भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने नेपाल के जनकपुरी तो कांग्रेस प्रत्याशियों ने शिमला में मनाई दिवाली।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 3:41 PM IST
BJP Congress Flags
BJP Congress Flags

राजस्थान में पंचायत राज चुनावों की सरगर्मियों के बीच प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए 'बाड़ेबंदी' का दौर देखने को मिल रहा है। अलवर के कठूमर एवं सौंखर-खैरली पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्याशियों की घेराबंदी काफी तेज कर दी गई है। ताजा घटनाक्रम में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने अपने समर्थित पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों को प्रशिक्षण शिविर के नाम पर अलग-अलग राज्यों और यहां तक कि पड़ोसी देश नेपाल तक भेज दिया है।

नेपाल में भाजपा, तो शिमला में कांग्रेस प्रत्याशियों ने की पूजा

भाजपा बाड़ेबंदी में रह रहे कई सदस्य प्रत्याशियों ने इस बार दीपावली का पर्व नेपाल स्थित माता सीता की पावन जन्मस्थली जनकपुरी में मनाया। जनकपुरी में मां लक्ष्मी का पूजन करते हुए भाजपा समर्थित पंचायत समिति सदस्यों की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

दूसरी ओर, कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति प्रत्याशियों को हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थल शिमला में ठहराया गया है। भरतपुर से कांग्रेस की सांसद संजना जाटव ने बाड़ेबंदी के दौरान दोनों पंचायत समितियों (कठूमर एवं सौंखर-खैरली) के प्रत्याशियों और जिला परिषद सदस्यों के साथ शिमला में ही दीपावली मनाई।

बानसूर में भी राजनीतिक बाड़ेबंदी तेज

बानसूर क्षेत्र में भी पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों का चुनाव पूरा होने के बाद से ही दोनों प्रमुख दलों के नेताओं ने अपने समर्थित प्रत्याशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है

जानकारी के अनुसार, बानसूर से भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी जयपुर से आगे अजमेर हाईवे पर स्थित एक नामी रिसॉर्ट में की गई है।वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल में ठहराया गया है।

बानसूर पंचायत समिति में कुल 27 तथा नारायणपुर पंचायत समिति में 17 सदस्य हैं। इसके अलावा जिला परिषद के बानसूर क्षेत्र में छह तथा नारायणपुर क्षेत्र में तीन सदस्य शामिल हैं।

    Updated on:
    11 Nov 2026, 3:41 PM IST
    Published on: