खैरथल-ततारपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टला। ओवरटेक करने की कोशिश में लोक परिवहन निगम की बस और एक पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
खैरथल-ततारपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टला। ओवरटेक करने की कोशिश में लोक परिवहन निगम की बस और एक पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला चोटिल हुई है, जबकि बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित हैं।
जिला खैरथल-तिजारा के मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड-25 (खैरथल-मातौर सड़क मार्ग) पर गुरुवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। अगवानी स्टैंड के समीप करीब 10:30 बजे लोक परिवहन निगम की एक बस और दूध से भरी पिकअप में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वह बुरी तरह पिचक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, लोक परिवहन निगम की बस खैरथल से ततारपुर चौराहे की ओर जा रही थी। अगवानी स्टैंड के पास बस चालक ने अपने आगे चल रहे एक बड़े ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। गनीमत यह रही कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। केवल एक महिला सवारी को मामूली चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हादसे का शिकार हुई पिकअप में दूध के ड्रम (केन) रखे हुए थे। टक्कर के बाद पिकअप पलटते-पलटते बची, लेकिन उसमें रखे केन गिरने से मौके पर दूध सड़क पर फैल गया। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही खैरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले घायल महिला को पास के अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने पहुंचाया है और मामला दर्ज कर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बनता जा रहा है।