अलवर

IPS Jagmohan Meena: क्या IPS की नौकरी से इस्तीफा दे चुके जगमोहन मीणा राजनीति में आएंगे? पिता लड़ चुके हैं विधानसभा चुनाव

Ips Jagmohan Meena: ओडिशा कैडर के IPS अधिकारी जगमोहन मीणा ने हाल ही में इस्तीफा दे दिया। हालांकि, अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। जगमोहन मीणा के पिता राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाग्य आजमा चुके हैं।
3 min read
Jul 11, 2026
ips jagmohan meena
Ips Jagmohan Meena. Photo- bhubaneswarcuttackpolice

ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी जगमोहन मीणा के इस्तीफे ने प्रशासनिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। भुवनेश्वर में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के पद पर तैनात मीणा ने हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया। हालांकि, अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। खास बात यह है कि 37 वर्षीय जगमोहन का कुछ माह बाद प्रमोशन भी प्रस्तावित था। ऐसे में महज 13 साल की सेवा के बाद उनके अचानक लिए गए इस फैसले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

इस्तीफे को लेकर क्या बोले IPS जगमोहन मीणा

राजस्थान के अलवर जिले की रैणी क्षेत्र के प्रागपुरा गांव निवासी जगमोहन मीणा ने अपने इस्तीफे के पीछे निजी कारण बताए हैं। उनका कहना है कि इस फैसले के पीछे किसी तरह का बाहरी दबाव नहीं है। जगमोहन मीणा का इस्तीफा ऐसे समय में सामने आया है, जब देश में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बड़ी संख्या में पद खाली हैं।

केंद्र सरकार की ओर से संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2025 तक देशभर में IAS के 1,300, IPS के 505 और IFS के 1,029 पद खाली थे। ऐसे में एक युवा आईपीएस अधिकारी का सेवा के 13 साल बाद इस्तीफा देना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस्तीफे के बाद जगमोहन मीणा के राजस्थान की राजनीति में सक्रिय होने की बात भी कही जा रही हैं। लेकिन उनके बयान और परिवार की ओर से सामने आई बातों से ऐसा नहीं लग रहा। उनके पिता नंदलाल मीणा ने बेटे के निजी क्षेत्र में नई पारी शुरू करने के संकेत दिए हैं।

राजनीति में नहीं आएंगे जगमोहन मीणा

रैणी निवासी उमेश गर्ग बताते हैं कि जगमोहन मीणा बहुत ही सज्जन और होनहार हैं। आईपीएस अधिकारी बनकर उन्होंने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। गर्ग के मुताबिक, जगमोहन के पिता नंदलाल मीणा केंद्र सरकार में वरिष्ठ सरकारी पद ( Director General of Audit ) पर रह चुके हैं। वे पहले से राजनीति में सक्रिय हैं। ऐसे में फिलहाल जगमोहन के राजनीति में आने की संभावना नजर नहीं आती।

Nand Lal Meena. Photo- Nand Lal Meena Fb Page

वहीं, रैणी क्षेत्र के एक गांव के निवासी राजेश शर्मा की राय अलग है। उनका कहना है कि राजनीति में ईमानदार और साफ छवि वाले लोगों को आगे आना चाहिए। भविष्य में यदि जगमोहन मीणा राजनीति में आने का फैसला करते हैं तो यह एक अच्छा कदम हो सकता है। जगमोहन मीणा के पिता नंदलाल मीणा ने वर्ष 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में एसटी के लिए आरक्षित राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ सीट से बतौर आम आदमी पार्टी उम्मीदवार चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें जीत नहीं मिली।

राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट पर 2023 में कुल 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। कांग्रेस ने मांगीलाल मीणा और भाजपा ने बन्ना राम मीणा को चुनाव मैदान में उतारा था। समाजवादी पार्टी से सूरजभान धानका, बहुजन समाज पार्टी से धर्मसिंह धानका और आम आदमी पार्टी से नंदलाल मीणा उम्मीदवार थे। इनके अलावा 12 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव लड़ा था। इस मुकाबले में कांग्रेस उम्मीदवार मांगीलाल मीणा ने जीत दर्ज की थी। नंदलाल मीणा को केवल 878 वोट मिले थे।

चुनाव परिणाम 2023: राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट

परिणामनामपार्टीवोट
विजेतामांगीलाल मीणाकांग्रेस (INC)93459
हारेबन्ना राम मीणाभाजपा (BJP)70892
हारेराहुलनिर्दलीय8291
हारेजोहरीलालनिर्दलीय3007
हारेविजय समर्थलालनिर्दलीय2853
हारेशीला मीणानिर्दलीय1222
हारेसूरजभान धानकासपा (SP)1042
हारेनंद लाल मीणाआप (AAP)878
हारेधर्मसिंह धानकाबसपा (BSP)868
हारेओम प्रकाश मीणानिर्दलीय595
हारेरामोतार मीणानिर्दलीय569
हारेमहेंद्र कुमार मीणानिर्दलीय495
हारेजसराम मीणानिर्दलीय437
हारेनोटाNOTA426
हारेअमर चंद मीणानिर्दलीय368
हारेकपिलनिर्दलीय239
हारेलाला राम मीणानिर्दलीय210
हारेजगदीशनिर्दलीय147
Updated on:
11 Jul 2026 05:49 pm
Published on:
11 Jul 2026 05:41 pm