अलवर

Rajasthan Crime: सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, खाटूश्यामजी भाग गया पति, तीन दिन बाद बदबू आने पर हुआ खुलासा

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मांढण थाना क्षेत्र के महतावास गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद कर ट्रेन से खाटूश्यामजी चला गया।
2 min read
May 13, 2026
Husband Kills Wife With Axe
फोटो पत्रिका नेटवर्क

कोटपूतली-बहरोड़। जिले के मांढण थाना क्षेत्र के महतावास गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने सो रही पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद कर ट्रेन से खाटूश्यामजी चला गया। तीन दिन बाद घर से बदबू आने पर घटना का खुलासा हुआ। गांव लौटते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने 7 मई की रात को वारदात को अंजाम दिया। 10 मई को घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर बेड पर खून से लथपथ महिला का शव बरामद किया। शव का पोस्टमार्टम नीमराना सीएचसी में कराया गया। इसके बाद 12 मई को आरोपी के गांव लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मांढण थानाधिकारी किरण सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में महिला के पति कपिल सेन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

भाई ने दर्ज कराया हत्या का मामला

मृतका मोनिका (36) के भाई पवन सेन निवासी घीलोठ (नीमराना) ने 10 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। रिपोर्ट में बताया कि 30 नवंबर 2009 को उसकी दो बहनों मोनिका और भारती की शादी महतावास निवासी दो भाइयों कपिल और गजेंद्र से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर दोनों बहनों को परेशान किया जाता था। हालात बिगड़ने पर भारती 7-8 साल पहले पीहर आकर रहने लगी, जबकि मोनिका ससुराल में ही रह रही थी।

शराब का आदी था आरोपी

परिजनों के अनुसार कपिल शराब पीने का आदी था और आए दिन मोनिका के साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर मोनिका अपनी दो बेटियों के साथ हरियाणा के कापड़ीवास (रेवाड़ी) में रहने लगी थी और फैक्ट्री में काम करती थी। वह कभी-कभी पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए गांव आती थी।

शादी में आई थी गांव, रात में की हत्या

पुलिस ने बताया कि 6 मई को गांव में एक शादी समारोह में कामकाज के लिए मोनिका ससुराल आई थी। 7 मई की रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने घर पर ही रुक गई। देर रात आरोपी ने कुल्हाड़ी से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शक से बचने के लिए वह घर बंद कर खाटूश्यामजी चला गया।

Updated on:
13 May 2026 05:56 pm
Published on:
13 May 2026 05:56 pm