अलवर

Narayanpur: नारायणपुर में शांतिपूर्ण मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक जिला परिषद के लिए 66.95% वोटिंग

कोटपूतली-बहरोड़ जिले की नारायणपुर पंचायत समिति में पंचायत चुनाव के तहत रविवार को मतदान जारी रहा। दो मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण दोबारा वोटिंग कराई गई। दोपहर 3 बजे तक जिला परिषद सदस्य के लिए 66.95 प्रतिशत और पंचायत समिति सदस्य के लिए 54.03 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 4:14 PM IST
Narayanpur
नारायणपुर में पुनर्मतदान (फोटो - पत्रिका)

नारायणपुर। पंचायत राज आम चुनाव 2026 के तहत कोटपूतली-बहरोड़ जिले की नारायणपुर पंचायत समिति में रविवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मतदान कराया गया। मतदान के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला। प्रशासन के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। दोपहर 3 बजे तक जिला परिषद सदस्य के लिए 66.95 प्रतिशत और पंचायत समिति सदस्य के लिए 54.03 प्रतिशत मतदान हो चुका था।

जिला परिषद के लिए 695 मतदाताओं ने डाले वोट

जिला परिषद सदस्य के वार्ड 19 के मतदान केंद्र संख्या 44 पर कुल 1038 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां सुबह 10 बजे तक 185 मतदाताओं ने मतदान किया। इस दौरान मतदान प्रतिशत 17.82 रहा। दोपहर 1 बजे तक 461 मतदाता वोट डाल चुके थे और मतदान प्रतिशत बढ़कर 44.41 हो गया। वहीं, दोपहर 3 बजे तक कुल 695 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह यहां मतदान प्रतिशत 66.95 दर्ज किया गया।

पंचायत समिति सदस्य के लिए 54.03 प्रतिशत वोटिंग

नारायणपुर पंचायत समिति सदस्य के वार्ड 7 के मतदान केंद्र संख्या 34 पर कुल 1090 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां सुबह 10 बजे तक 167 मतदाताओं ने वोट डाले थे। दोपहर 1 बजे तक यह संख्या बढ़कर 407 हो गई और मतदान प्रतिशत 37.33 रहा। दोपहर 3 बजे तक कुल 589 मतदाता मतदान कर चुके थे। यहां मतदान प्रतिशत 54.03 दर्ज किया गया।

ईवीएम खराब होने से दो केंद्रों पर दोबारा मतदान

नारायणपुर क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण पहले हुए मतदान को राज्य निर्वाचन आयोग ने शून्य घोषित कर दिया था। इसके बाद इन केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने के आदेश दिए गए।

जिला परिषद वार्ड 19 के तहत ग्राम पंचायत बसई जोगियान के मतदान केंद्र संख्या 44 पर कमरा नंबर 4 में मतदान कराया गया। वहीं, पंचायत समिति वार्ड 7 के मतदान केंद्र संख्या 34 पर कमरा नंबर 1 में वोट डाले गए।

रात 9 बजे से होगी मतगणना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होना था। इसके बाद रात 9 बजे से मतगणना शुरू करने की व्यवस्था की गई। जिला परिषद वार्ड 19 की मतगणना जिला मुख्यालय पर और पंचायत समिति वार्ड 7 की मतगणना पंचायत समिति मुख्यालय पर होनी है।

पुनर्मतदान के दौरान सुबह 11 बजे तक बसई जोगियान में 29 प्रतिशत और विजयपुरा मतदान केंद्र पर 23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Updated on:
22 Nov 2026, 4:14 PM IST
Published on: