अलवर

Rajasthan Police Action: बानसूर में कुख्यात गैंग का सफाया, सरगना समेत 7 गिरफ्तार; 14 हथियार बरामद

कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आर्म्स क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई की है। बानसूर में पुलिस और डीएसटी टीम ने AM-8584 गैंग के सरगना अमन मीणा समेत 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 14 अवैध हथियार और 15 कारतूस बरामद हुए हैं।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 1:26 PM IST
Rajasthan Police Action
14 अवैध हथियार बरामद (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने अवैध हथियारों और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आर्म्स क्लीन’ में बड़ी सफलता हासिल की है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में अवैध हथियारों और इनामी अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी के तहत बानसूर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई कर AM-8584 गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना अमन मीणा समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 10 देशी कट्टे, 3 देशी पिस्टल, एक देशी रिवॉल्वर, 2 मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में ऑपरेशन आर्म्स क्लीन के तहत की गई। दरअसल 8 नवंबर की रात बानसूर के सिकंदरेवरा मंदिर के पास पुरानी रंजिश को लेकर कृष्ण कुमार और उसके दोस्तों पर हमला किया गया था। आरोप है कि अमन मीणा, रितिक सुरेला, निखिल वाल्मीकि, विकास मीणा, तेजपाल ठाकुर और उनके साथियों ने लाठियों व हथियारों से हमला किया और फायरिंग भी की। इससे इलाके में दहशत फैल गई थी।

दो इनामी बदमाश हथियारों के साथ पकड़े

घटना के बाद थानाधिकारी राजेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। 14 नवंबर को डीएसटी कांस्टेबल संजय धनखड़ की सूचना पर पुलिस ने रतनपुरा के पास दबिश दी। यहां से 25-25 हजार रुपए के इनामी बदमाश रितिक (19) और विकास मीणा (20) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 6 अवैध हथियार और 7 कारतूस मिले।

सरगना अमन मीणा के बैग में मिले हथियार

इसके बाद कांस्टेबल लखन सिंह की सूचना पर पुलिस ने अलवर रोड स्थित दांतली पहाड़ी के पास घेराबंदी की। यहां भागने की फिराक में घूम रहे 25 हजार रुपए के इनामी गैंग सरगना अमन मीणा (22) को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके बैग की तलाशी लेने पर 8 अवैध हथियार, 2 मैगजीन और 8 जिंदा कारतूस मिले।

मामले में कुल 7 आरोपियों को पकड़ा

पुलिस ने 15 नवंबर को मामले में वांछित बानसूर निवासी तेजपाल सिंह (19), संजय कुमार (28), निखिल वाल्मीकि (19) और एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया। इस तरह मामले में कुल 7 आरोपियों को पकड़ा गया है। कार्रवाई में कोटपूतली साइबर सेल प्रभारी हेड कांस्टेबल संदीप कुमार की तकनीकी मदद भी रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग की गतिविधियों और हथियारों के स्रोत के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
19 Nov 2026, 1:26 PM IST
Published on: