अलवर

नारायणपुर-कुशलगढ़ क्षेत्र में लेपर्ड की मौत, वन विभाग के अधिकारी मौके पर 

नारायणपुर क्षेत्र के नागलहेड़ी गांव के पास सोमवार सुबह सड़क हादसे में एक लेपर्ड की मौत हो गई।
less than 1 minute read
Feb 09, 2026
Feature image
वन विभाग ने कराया लेपर्ड का पोस्टमार्टम (फोटो - पत्रिका)

नारायणपुर क्षेत्र के नागलहेड़ी गांव के पास सोमवार सुबह सड़क हादसे में एक लेपर्ड की मौत हो गई। यह हादसा नारायणपुर–कुशलगढ़ रोड पर उस समय हुआ, जब अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लेपर्ड की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लेपर्ड के शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को तालवृक्ष रेंज कार्यालय लाया गया, जहां पशु चिकित्सकों की टीम की ओर से विधिवत पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की ओर से नियमानुसार लेपर्ड का अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि लेपर्ड प्रथम श्रेणी का वन्यजीव है, जिसकी सुरक्षा को लेकर विशेष नियम लागू हैं।

वन विभाग के रेंजर त्रिलोक कुमावत ने बताया कि मृत लेपर्ड नर था और उसकी उम्र करीब ढाई वर्ष आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में लेपर्ड की मौत का कारण सड़क दुर्घटना सामने आया है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र वन्यजीवों की नियमित आवाजाही वाला इलाका है और तेज रफ्तार वाहन वन्यजीवों के लिए लगातार खतरा बनते जा रहे हैं।

घटना के दौरान तहसीलदार अनिल कुमार, वनपाल मनोज नागा, पशु चिकित्सक डॉ. रमेश चंद वर्मा, डॉ. मुकेश सैनी, डॉ. कमलेश सैनी सहित वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। वन अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वन क्षेत्र से गुजरते समय सतर्कता बरतें और वाहनों की गति नियंत्रित रखें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Updated on:
09 Feb 2026 02:03 pm
Published on:
09 Feb 2026 02:03 pm