अलवर

हौसलों के पहियों पर जिंदगी का सफर, दिव्यांगता को मात देकर बना रहे अपनी पहचान

खेरली. जिंदगी की राह में मुश्किलें तो हर किसी के सामने आती हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो मुश्किलों को ही अपनी ताकत बना लेते हैं। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अपने हौसलों को कमजोर नहीं पड़ने…
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:51 PM IST
Kherli Alwar

खेरली. जिंदगी की राह में मुश्किलें तो हर किसी के सामने आती हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो मुश्किलों को ही अपनी ताकत बना लेते हैं। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अपने हौसलों को कमजोर नहीं पड़ने देते। कस्बे के दो ऐसे ही युवा अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से न केवल आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि समाज के सामने भी मिसाल पेश कर रहे हैं। इनमें एक हैं 90 प्रतिशत दिव्यांग दिनेश खंडेलवाल, जो करीब 20 वर्षों से छोटी-सी दुकान चलाकर अपनी और वृद्ध मां की जिम्मेदारी उठा रहे हैं। दूसरे हैं 86 प्रतिशत दिव्यांग सचिन पाटोनिया, जो सुबह 6 बजे से रात तक कॉलेज, रेलवे स्टेशन और अपनी ई-मित्र दुकान के बीच भाग-दौड़ कर अपने पैरों पर खड़े होने का संघर्ष कर रहे हैं। दोनों की जिंदगी में मेहनत की कमी नहीं है, लेकिन आवागमन को आसान बनाने वाली आधुनिक थ्री व्हीलर स्कूटी का इंतजार अब भी बना हुआ है।

20 साल से छोटी दुकान के सहारे मां का भी संभाल रहे जिम्मा

कस्बे के कजौड़ी मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय दिनेश खंडेलवाल उर्फ दिन्नी जन्म से ही दिव्यांग हैं। 90 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद उन्होंने कभी खुद को परिस्थितियों के भरोसे नहीं छोड़ा। 12वीं तक शिक्षा प्राप्त दिनेश करीब 20 वर्षों से घर से लगभग एक किलोमीटर दूर चौथ माता मंदिर के पास छोटी-सी दुकान संचालित कर रहे हैं। इस दुकान में बच्चों के खाने-पीने की चीजें, टॉफी, बिस्कुट, चिप्स, नमकीन और रोजमर्रा में काम आने वाली छोटी-मोटी वस्तुएं बेचते हैं। बचपन में ही पिता का साया सिर से उठ गया। परिवार में वृद्ध मां के अलावा छोटा भाई वेदप्रकाश और उसकी पत्नी हैं। वेदप्रकाश निजी स्कूल में अध्यापक हैं। दिनेश को सरकार की ओर से 1350 रुपए प्रतिमाह दिव्यांग पेंशन मिलती है, जबकि दुकान से करीब 6 से 7 हजार रुपए मासिक आमदनी होती है। इतनी कम आमदनी में खुद का और मां का खर्च चलाना भी उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। दिनेश के पास वर्तमान में बैटरी से चलने वाली ट्राइसाइकिल है, जिसके सहारे वे घर से दुकान और दुकान से घर तक का सफर तय करते हैं। दुकान के लिए सामान खरीदने बाजार भी इसी से जाते हैं। करीब पांच साल पहले तत्कालीन भरतपुर सांसद रंजीता कोली ने कठूमर में उन्हें यह ट्राइसाइकिल उपलब्ध करवाई थी। दिनेश ने आधुनिक थ्री व्हीलर स्कूटी के लिए करीब तीन-चार वर्ष पहले आवेदन भी किया था, लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आ पाया। दिनेश का सपना है कि उन्हें आधुनिक स्कूटी मिल जाए तो वे अपनी छोटी-सी दुकान को स्कूटी पर ही शिफ्ट कर चलती-फिरती दुकान के रूप में संचालित कर सकेंगे। इससे दुकान का दायरा बढ़ेगा और आमदनी में भी इजाफा हो सकेगा। उनके लिए यह स्कूटी केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई राह बन सकती है।

सुबह 6 बजे से शुरू हो जाती है दिनचर्या

वार्ड संख्या 17 निवासी 37 वर्षीय सचिन पाटोनिया उर्फ राजा की कहानी भी संघर्ष और हौसले की मिसाल है। सचिन जब करीब एक-दो वर्ष के थे, तब अपनी मां के साथ ननिहाल रैणी गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें तेज बुखार आया और गांव के एक झोलाछाप चिकित्सक द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद उनके शरीर में दिव्यांगता आ गई। वर्तमान में वे 86 प्रतिशत दिव्यांग हैं। इसके बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और बीए, बीएड तक शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 1997-98 में ही कंप्यूटर सीखना शुरू कर दिया था। वर्ष 2015 से कंप्यूटर से जुड़े कार्य कर रहे हैं। पिछले तीन वर्षों से स्थानीय राजकीय महिला महाविद्यालय में संविदा पर कनिष्ठ लिपिक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा करीब दो माह से स्थानीय रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग का काम भी कर रहे हैं। वे सुबह 6 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों के टिकट बनाने का काम शुरू करते हैं। सुबह 10 बजे राजकीय महिला महाविद्यालय पहुंचकर कार्यालय का काम संभालते हैं। दोपहर 3 बजे फिर रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं और शाम 5 बजे तक टिकट बुकिंग का कार्य करते हैं। इसके बाद अपनी ई-मित्र दुकान पर पहुंचकर काम संभालते हैं। महाविद्यालय से उन्हें करीब 8 हजार रुपए प्रतिमाह मिलते हैं, जबकि रेलवे स्टेशन पर प्रत्येक टिकट पर 3 प्रतिशत के हिसाब से भुगतान मिलता है। दोनों कार्यों से उनकी कुल मासिक आमदनी करीब 15 हजार रुपए हो जाती है। वर्ष 2010 में पिता का निधन हो गया था। परिवार में मां, बड़ा भाई, भाभी और उनके दो बच्चे हैं। जब सचिन कॉलेज और रेलवे स्टेशन पर रहते हैं, तब बड़ा भाई उनकी ई-मित्र दुकान संभालता है। इस तरह परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत से सचिन लगातार आगे बढ़ रहे हैं। सचिन को वर्ष 2025 में जयपुर स्थित एक सरकारी संस्थान के माध्यम से बैटरी चालित ट्राइसाइकिल मिली थी, लेकिन करीब चार माह पहले उसकी बैटरी खराब हो गई। इसके बाद से उन्हें फिर हाथों से चलने वाली ट्राइसाइकिल का सहारा लेना पड़ रहा है। आधुनिक थ्री व्हीलर स्कूटी के लिए उन्होंने वर्ष 2025 में आवेदन किया था, लेकिन अभी तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया। सचिन का कहना है कि यदि उन्हें स्कूटी मिल जाती है तो कॉलेज, रेलवे स्टेशन और अपनी दुकान तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी। साथ ही कहीं बाहर जाने के लिए भी उन्हें किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

Updated on:
27 Nov 2026, 5:51 PM IST
Published on: