
ओएलएक्स पर फर्जी आईडी से गुजराज के दो लोगों से पिस्टल की नोक पर दो लाख रुपए, दो मोबाइल व आभूषण लूटने व मारपीट करने के मामले में स्थानीय थाना पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश एक अन्य बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने बताया कि गुजरात के कच्छ जिले के घड़सीसी नगरेचा निवासी नरपतसिंह पुत्र कनकसिंह रेलडिय़ा ने उनके साथ लूटपाट व मारपीट की 26 मई को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
रिपोर्ट में बताया कि ओएलएक्स पर वाहन बिक्री के लिए विज्ञापन दिया गया। वाहन खरीदने के लिए वह और उसका साथी धर्मेंद सिंह खैरथल आ गए। यहां कुछ बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर दोनों से मारपीट कर करीब दो लाख रुपए, दो मोबाइल व सोने-चांदी की अंगुठियां लूट ली और फरार हो गए। इस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मथुरा जिले के गोवर्धन थानांर्तगत ग्राम मंडोरा निवासी कासम पुत्र जुहरू खां, गांव नरियाला, फिरोजपुर निवासी सलीम पुत्र अमरूद्दीन, खोह रुद्र भरतपुर निवासी महबूब पुत्र कालू खां तथा साजलका तिजारा निवासी साबिर खां पुत्र जुहरू खां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा, कारतूस, लोहे का पाइप, डण्डा, रस्सी व एक कार बरामद की है।
थाना प्रभारी हितेश शर्मा ने बताया कि पकड़े जाने के समय बानसूर रोड पर एन.डी. गंगा स्कूल के पास सुनसान इलाके में चारों बदमाशों के अलावा एक अन्य बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस घेर कर इन्हें चार बदमाशों को दबोच लिया, लेकिन वसीम उर्फ वज्जी पुत्र कासम खां निवासी मण्डोरा गोवर्धन फरार हो गया। पूछताछ में बादमाशों ने बताया कि लूट की योजना कासम ने बनाई थी और उसके बेटे वसीम उर्फ बज्जी, साबिर खां, सलीम व नोमान ने मिलकर इसे अंजाम दिया।