अलवर

Mandi Bhav: राजस्थान में यहां MSP से ज्यादा मिल रहे सरसों के भाव, रोजाना 5 हजार कट्टे लेकर मंडी पहुंच रहे किसान

राजस्थान के कई जिलों में इस बार सरसों का अच्छा उत्पादन हुआ है। वहीं सरसों की फसल इस बार MSP से अधिक मूल्य में बिक रही है। गोविंदगढ़ मंडी में 6300 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक सरसों का भाव चल रहा है।

2 min read
Mar 05, 2026
कृषि उपज मंडी में लगे सरसों के ढेर (फोटो-पत्रिका)

अलवर। क्षेत्र में इस बार सरसों की अच्छी पैदावार और बेहतर बाजार भाव के चलते गोविंदगढ़ कृषि उपज मंडी में इन दिनों रौनक बढ़ गई है। मंडी में प्रतिदिन करीब 5000 कट्टे सरसों की आवक हो रही है। सुबह से ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही बढ़ जाती है और मंडी परिसर में दिनभर खरीद-फरोख्त का माहौल बना रहता है।

इस बार लैब जांच में 42 प्रतिशत तेल की मात्रा वाली सरसों करीब 6300 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक के भाव में बिक रही है, जो कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से भी अधिक है।

ये भी पढ़ें

नशे का काला कारोबार : एएनटीएफ ने जालोर में 24 दिन में पकड़े एमडी बनाने के 3 कारखाने, 1700 किलो से अधिक डोडा पोस्त जब्त

पिछले साल 5800 में बिकी थी सरसों

कृषि उपज मंडी से जुड़े व्यापारी मयंक गर्ग ने बताया कि पिछले वर्ष इसी गुणवत्ता की सरसों करीब 5800 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी थी। बेहतर भाव मिलने से किसान बड़ी संख्या में अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार मौसम अनुकूल रहने से सरसों की फसल अच्छी हुई है। मंडी में मिल रहे भाव से किसानों को राहत मिली है। आसपास के कई गांवों के किसान भी बेहतर दाम की उम्मीद में गोविंदगढ़ मंडी में अपनी सरसों की उपज लेकर पहुंच रहे हैं।

मंडी में व्यापार भी तेज

सरसों की बढ़ती आवक से मंडी में व्यापार भी तेज हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार सरसों की गुणवत्ता अच्छी आ रही है और खरीद भी तेजी से हो रही है। मंडी शुल्क के रूप में सरकार को भी अच्छा राजस्व प्राप्त हो रहा है। मंडी में बढ़ी गतिविधियों का फायदा मजदूर वर्ग को भी मिल रहा है। हमाली और ढुलाई का काम करने वाले मजदूरों का कहना है कि सरसों की ज्यादा आवक के कारण उन्हें लगातार काम मिल रहा है। ट्रॉलियों से कट्टे उतारने, तौल कराने और गोदाम तक पहुंचाने जैसे कार्यों में मजदूरों की व्यस्तता बढ़ गई है, जिससे उनकी आमदनी भी बढ़ी है।

सरसों का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक

कृषि क्षेत्र के जानकारों के अनुसार इस वर्ष क्षेत्र में सरसों का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रहा है, जिसके कारण आने वाले दिनों में मंडी में आवक और बढ़ने की संभावना है। अच्छे भाव मिलने से किसान उत्साह के साथ अपनी उपज मंडी में ला रहे हैं। कबूल खटाना आदि किसानों का कहना है कि इस बार सरसों की पैदावार अच्छी हुई है और मंडी में मिल रहे भाव से उन्हें संतोष हैं। किसानों को खेती की लागत निकालने में राहत मिलेगी।

राजस्थान में सरसों का MSP भाव

रबी विपणन सीजन 2025-26 के लिए राजस्थान में सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 5950 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। पिछले सीजन से तुलना की जाए तो इसमें बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, किसानों के लिए सरसों की सरकारी खरीद 10 अप्रैल, 2025 से शुरू होगी। पंजीकरण 1 अप्रैल से ई-मित्र या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा। इससे पहले ही एमएसपी से अधिक मूल्य मिलने पर किसान अपनी उपज को बिक्री कर रहे हैं।

मंडी का हाल (आंकड़ों में)

  • रोजाना करीब 5000 कट्टे सरसों की आवक
  • 42 लैब सरसों का भाव 6300 रुपए से अधिक
  • पिछले वर्ष करीब 5800 रुपए प्रति क्विंटल तक रहा भाव
  • सरसों की आवक बढ़ने से मंडी में व्यापार तेज
  • मजदूरों को हमाली और ढुलाई में लगातार मिल रहा काम

ये भी पढ़ें

Rajasthan Farmers : कम लागत में बंपर उपज का फार्मूला है ‘जीवामृत’, जानें कैसे बदल जाएगी राजस्थान के किसानों की किस्मत

Published on:
05 Mar 2026 06:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर