5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नशे का काला कारोबार : एएनटीएफ ने जालोर में 24 दिन में पकड़े एमडी बनाने के 3 कारखाने, 1700 किलो से अधिक डोडा पोस्त जब्त

एएनटीएफ की लगातार कार्रवाई से नशा तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। चार माह में दो दर्जन से अधिक मामलों में एमडी फैक्ट्रियों सहित कई बड़े गिरोह पकड़े गए हैं।

3 min read
Google source verification
Jalore, Rajasthan Anti Narcotics Task Force, ANTF crackdown Rajasthan, MD drug factory busted, Smack seizure news, Opium cultivation raid, Doda post seizure, Rajasthan drug trafficking network, Bhinmal crime news, Sanchore drug arrest, Sivana opium case, Bagoda MD factory raid, Karada drug factory, Rajasthan police, IG Vikas Kumar ANTF

गांवड़ी में पिछले दिनों पकड़ी गई एमडी की फैक्ट्री से जब्त सामग्री। फाइल फोटो- पत्रिका

जालोर। एमडी, स्मैक, अफीम, डोडा और शराब तस्करी नेटवर्क का बड़ा केंद्र जालोर जिला बनता जा रहा है। हाल के दिनों में एएनटीएफ जालोर टीम की सक्रियता से बड़े स्तर पर अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई में कई खुलासे हुए हैं। टीम ने तस्करों की कमर तोड़ने का काम किया है। साथ ही यह संकेत भी मिले हैं कि विभिन्न तरीकों से नशे के कारोबार का नेटवर्क चलाने के लिए यहां के सरगना सक्रिय हैं।

एएनटीएफ टीम की जालोर जिले में चौकी की स्थापना 18 अक्टूबर को हुई थी। चार माह 15 दिन की अवधि में टीम ने 24 बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रदेश में अब तक 175 कार्रवाई हो चुकी हैं। इन कार्रवाइयों में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिनमें एमडी जैसे घातक नशे को बनाने की अवैध फैक्ट्रियां पकड़ी गईं। ये वही शातिर तस्कर थे, जो इस जानलेवा नशे का नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों तक फैला रहे थे।

फरवरी माह में एमडी बनाने की दो फैक्ट्रियां पकड़ी

एएनटीएफ चौकी जालोर की ओर से लगातार चार माह से बड़ी कार्रवाई की जा रही है। फरवरी 2026 में टीम ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। खारा (करड़ा) और गांवड़ी (बागोड़ा) में एमडी बनाने की दो फैक्ट्रियां पकड़ी गईं।

अक्टूबर 2025
28 अक्टूबर को जुंजाणी (भीनमाल) में एक कार से 250 किलो डोडा, एक पिस्टल व कारतूस के साथ जगदीश विश्नोई निवासी ढोक, पुलिस थाना चौहटन को गिरफ्तार किया गया।
30 अक्टूबर को एटीएस मुख्यालय के आदेशानुसार आतंकी संगठन के संपर्क में रहे मौलवी ओसामा को गिरफ्तार किया गया।

नवंबर 2025
1 व 2 नवंबर की मध्य रात्रि अवैध गांजा की खेती नष्ट करवाने के लिए कोटड़ा, उदयपुर में कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
13 नवंबर को भीनमाल में एक स्पा सेंटर से हरपालसिंह उर्फ जितेंद्रसिंह को गिरफ्तार कर दो अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
17 नवंबर को करड़ा थाना क्षेत्र के सेडिया गांव में सुरेश कुमार विश्नोई के घर से 1.077 किलोग्राम एमडी व 762 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

दिसंबर 2025
6 दिसंबर को एएनटीएफ चौकी जोधपुर की टीम के साथ मिलकर 21 किलो अफीम बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामला रींगस में दर्ज हुआ।
10 दिसंबर को जनापुर चौराहा (पिंडवाड़ा) में एक गाड़ी से 297 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी फरार हो गया।
17 दिसंबर को रणकपुर घाटा क्षेत्र में एक गाड़ी से 460 किलो डोडा बरामद किया गया। मामला सादड़ी में दर्ज हुआ।

जनवरी 2026
10 व 11 जनवरी की मध्य रात्रि दिवेर घाटी क्षेत्र में एक बाड़ी से 447 किलो डोडा बरामद किया गया। आरोपी फरार हो गए। मामला दिवेर (राजसमंद) में दर्ज हुआ।
29 जनवरी को भीनमाल में दो आरोपियों के कब्जे से 327 ग्राम एमडी बरामद कर गिरफ्तार किया गया। मामला भीनमाल में दर्ज हुआ।

फरवरी 2026
4 फरवरी 2026 को खारा (करड़ा) में आसुराम विश्नोई के आवासीय मकान पर एमडी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। एमडी बनाने के उपकरण और 4.910 किलोग्राम एमडी जब्त की गई। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
5 फरवरी को रानीवाड़ा रोड (सांचौर) पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 64 ग्राम एमडी बरामद की गई।
14 फरवरी को सरहद सांगाणा भारतमाला के पास चार युवकों के कब्जे से 4.211 किलोग्राम अफीम दूध बरामद किया गया। प्रकरण सायला में दर्ज हुआ।
20 फरवरी को सरहद कांखी (सिवाना) में एक खेत में अफीम की खेती पकड़ी गई। यहां 2428 अफीम के पौधे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
21-22 फरवरी को सरहद नोहरा (भीनमाल) में एक कार से 194.270 ग्राम डोडा बरामद किया गया। आरोपी फरार हो गए।
27 फरवरी को गांवड़ी (बागोड़ा) में एमडी बनाने की दो फैक्ट्रियां पकड़ी गईं। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यहां एमडी बनाने का बड़ा नेटवर्क स्थापित किया जा रहा था।

इन्होंने कहा

एएनटीएफ की टीम ने प्रदेश में अब तक करीब 175 कार्रवाई की है। जालोर टीम ने इनमें दो दर्जन के करीब कार्रवाई की है। मुखबिर तंत्र की मजबूती और तकनीकी स्तर पर बेहतर सहयोग का यह परिणाम है।
विकास कुमार, महानिरीक्षक पुलिस, एएनटीएफ