
बरामद शराब की बोतलें ( फोटो-पत्रिका)
जालोर। गुजरात में शराब प्रतिबंधित है, लेकिन इसे पीने वाले बड़ी तादाद में मौजूद हैं। यही कारण है कि शराब तस्कर अलग-अलग तरीकों से गुजरात तक शराब पहुंचाकर यह डिमांड पूरी करने का प्रयास करते हैं और इस अवैध नेटवर्क के जरिए कमाई भी करते हैं। रेलवे की ओर से विशेष अभियान में ट्रेन के जरिए शराब तस्करी के नेटवर्क चलाने का मामला सामने आया है।
जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के टॉयलेट में छिपाकर रखी 48 बोतल अंग्रेजी शराब को जब्त किया गया। यह कार्रवाई रानीवाड़ा और धानेरा स्टेशनों के बीच की गई।
मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि बुधवार 25 फरवरी को ट्रेन संख्या 20485 जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान टीटीआई राजेन्द्र कुमार मीणा को कोच संख्या एस-6 के शौचालय में संदिग्ध गतिविधि का आभास हुआ। जांच करने पर पाया गया कि शौचालय के ऊपर लगी प्लाई के भीतर 48 बोतल अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपये आंकी गई है।
डिब्बे में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई शराब का मालिक सामने नहीं आया। इसके बाद टीटीआई मीणा ने सतर्कता दिखाते हुए शराब की बोतलों को कब्जे में लिया और इसकी सूचना वाणिज्यिक नियंत्रक कार्यालय जोधपुर तथा संबंधित अधिकारियों को देते हुए आरपीएफ की मांग की। भीलड़ी स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी सूचना पाकर मौके पर पहुंची, बाद में बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए भीलड़ी जीआरपी को सौंप दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को इसी रेलखंड में वाणिज्य निरीक्षक नटवर दान चारण की ओर से जांच के दौरान जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में रखी लगभग 100 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर आरपीएफ को सुपुर्द की गई थी।
इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनजर मंडल की विभिन्न ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे की टीमें लगातार ट्रेनों में सतर्कता के साथ जांच कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Updated on:
27 Feb 2026 03:24 pm
Published on:
26 Feb 2026 05:42 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
