
धमकी देते युवक। फोटो- पत्रिका
जालोर/खारा। करड़ा थाना क्षेत्र के खारा गांव में वैवाहिक जीवन में खटास के बाद दो गाड़ियों में सवार होकर आए युवकों ने घर पर हमला कर दिया। हमले के दौरान महिलाएं ही घर पर मौजूद थीं। बदमाशों ने घर में घुसकर वहां खड़ी कार और बाइक में तोड़फोड़ की और बाहर बाड़ में आग लगा दी। जानकारी के अनुसार दो स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने खारा में लाभुराम के घर पहुंचकर हमला किया।
प्रार्थी लाछीदेवी ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि भरत खिलेरी, सुनील उर्फ सोनू पालडिया, राकेश, गोविंद खिलेरी, सुरेश हिराणा, अशोक समेत अन्य युवक दो स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे और फिल्मी स्टाइल में तोड़फोड़ की। दहशत में घर में मौजूद महिलाएं विलाप करने लगीं। करीब 10 मिनट चले इस घटनाक्रम में महिलाओं ने वारदात के वीडियो भी बनाए, जिनमें बदमाश धमकी देते नजर आ रहे हैं। सभी आरोपी झाब थाना क्षेत्र के हेमागुड़ा की डीएस ढाणी के बताए जा रहे हैं।
लाछीदेवी की पुत्री की शादी करीब 5 साल पहले झाब थाना क्षेत्र के हेमागुड़ा की डीएस ढाणी में रोशन नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद विवाद गहराने लगा और पति-पत्नी के रिश्तों में दूरियां बनने लगीं। इस दौरान विवाहिता किसी अन्य युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी।
मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया। महिला ने करीब एक माह पहले वैवाहिक जीवन को लेकर कई कमियों का हवाला देते हुए रोशन के साथ रहने से इनकार कर दिया। इस पर न्यायालय ने विवाहिता को सुरक्षा प्रदान करते हुए लिव-इन के दौरान पुलिस सुरक्षा देने के निर्देश दिए थे।
वैवाहिक जीवन की उठापटक के बाद विवाहिता के किसी अन्य के साथ रहने से नाराज परिजन खारा गांव पहुंचे। इस दौरान आनन-फानन में फिल्मी स्टाइल में घर में हमला कर दिया और उसके बाद गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिलाओं के चिल्लाने की आवाज और बदमाशों के हुड़दंग का आभास होने पर आसपास की ढाणियों में रहने वाले लोग मौके की तरफ दौड़े, लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही बदमाश अपनी गाड़ियों में सवार होकर फरार हो चुके थे। इस वारदात के वीडियो वायरल हुए, जिनमें बदमाश दबंगई करते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो भी देखें
हेमागुड़ा डीएस ढाणी से दो गाड़ियों में सवार होकर 10 से 12 युवक खारा गांव में पहुंचे और तोड़फोड़ की। वारदात का कारण पुरानी पारिवारिक रंजिश है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
Updated on:
22 Feb 2026 02:50 pm
Published on:
22 Feb 2026 02:50 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
