अलवर

मनुमार्ग लूट मामला : अलवर पुलिस को बड़ी सफलता, गिरफ्त में आए बदमाश, अब किसी भी वक्त हो सकता है खुलासा

https://www.patrika.com/alwar-news/
less than 1 minute read
Dec 20, 2018
Manu Marg Loot : Alwar Police Arrest Accused Of Manu Marg Alwar Loot
मनुमार्ग लूट मामला : अलवर पुलिस को बड़ी सफलता, गिरफ्त में आए बदमाश, अब किसी भी वक्त हो सकता है खुलासा

अलवर. शहर के मनुमार्ग इलाके में घर में घुसकर दम्पती को बंधक बना लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस बदमाशों से घटना की तस्दीक और बरामदगी के प्रयासों में जुटी है। मामले में पुलिस अब किसी भी वक्त खुलासा कर सकती है।

मनुमार्ग 32-डी निवासी टैक्स एडवोकेट घनश्यामदास गुप्ता के घर में 13 दिसम्बर की शाम करीब पौने आठ बजे चार नकाबपोश हथियारबंद बदमाश घुसे। बदमाशों ने घनश्याम गुप्ता और उनकी पत्नी शिवानी गुप्ता को बंधक बना उनसे मारपीट की। इस बाद दोनों को हाथ-पैर व मुंह बांधकर स्टोर में बंद कर दिया और घर से करीब 3-4 लाख रुपए नकद व लाखों रुपए के जेवरात लूट ले गए। वारदात के बाद से पुलिस बदमाशों की तलाश में सरगर्मी से जुटी हुई थी। वारदात के सात दिन बाद आखिर पुलिस को सफलता हाथ लग गई।

एमआईए क्षेत्र के हैं बदमाश

वारदात को अंजाम देने वाले सभी बदमाश शहर के नजदीकी एमआईए क्षेत्र के रहने वाले हैं। वारदात के लिए चार बदमाश घर के अंदर घुसे तथा दो बाहर ही रैकी करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश अलग-अलग रास्तों से भागे, जिससे कि पुलिस को गच्चा दे सके।

पहले भी कर चुके हैं वारदात

पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्त में आए बदमाश मनुमार्ग घटना से पहले भी अपराधिक वारदात कर चुके हैं। ऐसे एक मामले में वे जेल भी जा चुके हैं और संभवत: वे जमानत पर हों।

Published on:
20 Dec 2018 09:10 am