वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अंजलि (19) अपने पति रिंकू जाटव के साथ अरावली विहार फेज वैशाली नगर में किराए पर रह रही थी।
अलवर। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अंजलि (19) अपने पति रिंकू जाटव के साथ अरावली विहार फेज वैशाली नगर में किराए पर रह रही थी। उसने चुन्नी का फंदा बना फंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान मोर्चरी के बाहर मृतका के पीहर पक्ष लोग पहुंच गए।
उन्होंने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया और मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। हालात बिगड़ते देख वैशाली नगर थाना, कोतवाली थाना और पुलिस कंट्रोल रूम से जाप्ता बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। सामान्य अस्पताल के मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. पीसी सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया फंदा लगाने से दम घुटने से मौत होना सामने आया है। मृतका देसूला खोड़ की रहने वाली थी। उसने 18 मार्च 2024 को रिंकू जाटव से लव मैरिज की थी।
मृतका के पति ने बताया कि वह मजदूरी करता है। बुधवार को उसकी गार्ड की नौकरी लगी थी। उसे शाम को ड्यूटी पर जाना था। इस बीच उसकी पत्नी ने उसे गुरुवार से ड्यूटी पर जाने की बात कहते हुए शराब और मटन मंगवाया। इसके बाद पास में ही रहने वाली पत्नी की सहेली को बुलाकर तीनों ने पार्टी की। जिसके बाद वह पत्नी की सहेली को बाइक से उसके घर छोड़ने गया था। करीब आधे घंटे बाद उसे छोड़कर वापस घर आया तो उसकी पत्नी पंखे से लटकी मिली।