Hem Singh Bhadana Last Rites: राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री हेम सिंह भड़ाना का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव किशनगढ़बास के भगेरी कलां में हुआ, जहां भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Former Cabinet Minister Hem Singh Bhadana: राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हेम सिंह भड़ाना (59) का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे करीब 6 महीने से कैंसर से पीड़ित थे। पिछले दिनों ब्रेन हेमरेज होने के बाद उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। पांच दिन पहले ही वे डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे।
सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अलवर के एक निजी अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हेमसिंह भड़ाना का जन्म खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास क्षेत्र के भगेरी कलां गांव में 7 फरवरी, 1966 को हुआ था। भड़ाना के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बड़ा बेटा धीरेंद्र बिजनेसमैन और छोटा बेटा सुरेंद्र भड़ाना राजनीति में सक्रिय है।
भड़ाना वर्ष 2008 में थानागाजी से पहली बार भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद 2013 में थानागाजी से दूसरी बार भी विधायक बने। वर्ष 2014-2016 तक वसुंधरा सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे। इसके बाद 2016-2018 तक मुद्रण एवं लेखन सामग्री, स्टेट मोटर गैराज, सामान्य प्रशासन विभाग के कैबिनेट मंत्री बने।फोटो: पत्रिका
2018 में भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो निर्दलीय चुनाव लड़कर दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद पार्टी में वापसी हुई, लेकिन 2023 के विधानसभा में चुनाव में वे कांग्रेस प्रत्याशी कांति मीणा से चुनाव हार गए। वे वर्ष 2005 में पंचायत समिति किशनगढ़बास पंचायत समिति के प्रधान भी रहे।
भड़ाना 1991 से 1992 तक राजकीय कला एवं विधि महाविद्यालय (अलवर) के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे। उन्होंने एलएलबी के बाद वकालत भी की।
भड़ाना का अंतिम संस्कार पैतृक गांव किशनगढ़बास के भगेरी कलां में किया गया। ज्येष्ठ पुत्र धीरेंद्र भड़ाना ने मुखाग्नि दी। इस दौरान गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, पूर्व विधायक रामहेत यादव, जयराम जाटव, ज्ञानदेव आहूजा, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव व प्रकाश गंगावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत, महासिंह चौधरी, बन्नाराम मीणा, इंद्र यादव, मनीष शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।