अलवर

अलवर में 19 अगस्त को महापंचायत में शामिल हो सकते हैं महात्मा गांधी व डॉ. अम्बेडकर के पोते, किया बड़ा ऐलान

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Aug 09, 2018
Mev Community Maha Panchayat On 19 August In Alwar
अलवर में 19 अगस्त को महापंचायत में शामिल हो सकते हैं महात्मा गांधी व डॉ. अम्बेडकर के पौते, किया बड़ा ऐलान

रामगढ़ में रकबर की मौत व गोविन्दगढ़ में गोकशी मामले का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को मेव बोर्डिंग में मेव पंचायत की कार्यकारिणी की बैठक व पंचायत के दौरान पुलिस की सांसे फूली रही। मेव बोर्डिंग व उसके आस-पास सुबह से ही पुलिस जाब्ता तैनात रहा। पंचायत के दौरान शहर विधायक बनवारीलाल सिंघल के मेव बोर्डिंग के बाहर सडक़ पर पहुंचने पर विवाद की आशंका से पुलिस में खलबली मच गई। विधायक के गाड़ी से उतरते ही पुलिस ने उन्हें वहां से जाने को कहा सीओ सिटी डॉ. प्रियंका ने उन्हें जाने का इशारा किया। इसके तत्काल बाद विधायक चले गए।

उधर, पंचायत में सर्वसम्मति से 19 अगस्त को अलवर मुख्यालय पर महापंचायत बुलाने का निर्णय किया गया। मेव पंचायत के संरक्षक शेर मोहम्मद ने बताया कि महापंचायत एससी-एसटी व ओबीसी अधिकार मंच के तत्वावधान में होगी। जिसमें साम्प्रदायिक सौहार्द में विश्वास रखने वाले और देश की आजादी में अहम योगदान रखने वाले शख्सियतों के वंशज भी शामिल होंगे, जिनमें महात्मा गांधी के पोते अथवा अम्बेडकर के पोते आदि भी हो सकते हैं। इससे पूर्व उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमें पिटवा रही है। उसके विधायक ऊलजलूल भाषण दे रहे हैं। कांग्रेस बैठी-बैठी तमाशा देख रही है। उन्होंने सियासत का जवाब सियासत से देने का आह्वान किया।

उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत की कार्यकारिणी की बैठक को महापंचायत का नाम देकर पुलिस ने हमें टॉर्चर करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। पंचायत में आने वालों को गिरफ्तारी का भय दिखा रोका गया। हरियाणा के वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि महापंचायत में ऊलजलूल भाषण देने वाले विधायकों को पार्टी से निष्कासित करने एवं दलित, मुस्लिम व आदिवासियों पर अत्याचार बंद करने की मांग की जाएगी। पंचायत में डेयरी चेयरमैन बन्नाराम मीणा, सूरजमल कर्दम सहित कई विभिन्न समाजों के लोग मौजूद थे।

Updated on:
09 Aug 2018 10:53 am
Published on:
09 Aug 2018 10:51 am