अलवर

मंत्री संजय शर्मा ने 20 लोगों को दिए सरस बूथ के आवंटन पत्र

अलवर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 20 पात्र आवंटियों को सरस डेयरी बूथ के आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

2 min read
Mar 19, 2026

अलवर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 20 पात्र आवंटियों को सरस डेयरी बूथ के आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और लाभार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि राजस्थान की भजनलाल सरकार प्रदेश में युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के अपने संकल्प को तेजी से धरातल पर उतार रही है।

स्वरोजगार की दिशा में बड़ा कदम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार का मुख्य ध्येय अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाना है। डेयरी बूथों का यह आवंटन केवल एक व्यवसाय की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह अलवर के 20 परिवारों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने का जरिया है। उन्होंने कहा कि सरस ब्रांड अपनी शुद्धता के लिए जाना जाता है और इन बूथों के माध्यम से आमजन को उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

अलवर सरस डेयरी में हाल ही में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद नए चेयरमैन नितिन सांगवान है। गौरतलब है कि पूर्व चेयरमैन विश्राम गुर्जर को 9 डायरेक्टरों के इस्तीफे के बाद पद से हटा दिया गया था। अब नए बोर्ड के गठन के साथ ही डेयरी के मैनेजमेंट और बुनियादी ढांचे में बड़े सुधारों की नींव रखी जा रही है।


गौरतलब है कि वर्तमान में सरस डेयरी की दूध प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने के लिए बजट में 3 लाख लीटर प्रतिदिन की क्षमता वाले नए प्लांट की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 140 नई रजिस्टर्ड समितियों को 1.30 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुगम बनाने के लिए डेयरी प्रबंधन ने जिले के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों जैसे बहरोड़, नीमराणा और भिवाड़ी में नए कार्यालय खोलने का फैसला किया है। इससे न केवल दुग्ध उत्पादकों को लाभ होगा, बल्कि मॉनिटरिंग व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। कार्यक्रम में भाजपा के दक्षिण जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पार्टी पदाधिकारी और सरस डेयरी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने नए बोर्ड के विजन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में अलवर सरस डेयरी दुग्ध उत्पादन और विपणन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

Published on:
19 Mar 2026 02:58 pm
Also Read
View All

अगली खबर