
मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'यूजी नीट-2026' का आयोजन आज रविवार को अलवर जिले सहित पूरे देश में किया जा रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित यह परीक्षा जिले के कुल 25 केंद्रों पर दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जो शाम 5:20 बजे तक चलेगी। इस बार जिले में कुल 9,552 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें खास बात यह रही कि परीक्षा देने वाली छात्राओं की संख्या छात्रों के मुकाबले अधिक दर्ज की गई है। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।
अलवर जिले में परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्रों का चयन रणनीतिक रूप से किया गया है, जिसमें अलवर शहर में सर्वाधिक 16 केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा राजगढ़ में 5, मालाखेड़ा में 2 और रामगढ़ में 2 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से ही केंद्रों पर रिपोर्टिंग के लिए बुला लिया गया था, जबकि सुरक्षा कारणों से दोपहर 1:30 बजे मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिए गए। नियमों के अनुसार निर्धारित समय के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया है। हर सेंटर पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है और जैमर लगाए गए हैं ताकि मोबाइल या किसी भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग न हो सके।
अभ्यर्थियों को गहन सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा, जहां सबसे पहले प्रवेश पत्र, फोटो और आधार कार्ड का मिलान किया गया। इसके बाद बायोमेट्रिक हाजिरी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति मिली। परीक्षार्थियों को अपने साथ पेन ले जाने की भी अनुमति नहीं थी, उन्हें परीक्षा हॉल के अंदर ही एनटीए की ओर से पेन उपलब्ध कराए गए।
शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही मेला जैसा माहौल देखने को मिला। दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों की भारी भीड़ रही, जिसके चलते केंद्रों के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और शहर के कई रास्तों पर जाम के हालात पैदा हो गए।
जिला प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने के लिए मिनी सचिवालय स्थित अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय के कमरा नंबर 122 में एक विशेष परीक्षा नियंत्रण कक्ष बनाया है। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 0144-2345077 पर संपर्क किया जा सकता है। वर्तमान में जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से जारी है।
Published on:
03 May 2026 02:52 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
