
आज अलवर स्थित कंपनी बाग में 'वर्ल्ड लाफ्टर डे' (विश्व हास्य दिवस) का भव्य आयोजन किया गया। आरडीएनसी मित्तल फाउंडेशन की ओर से संचालित अलवर लाफ्टर क्लब के साथ दर्जनों प्रमुख संस्थाओं ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम को बड़ी धूमधाम से मनाया। सुबह 6 बजे से ही उद्यान ठहाकों की गूंज से सराबोर हो गया।
इस आयोजन में अलवर लाफ्टर क्लब, कंपनी बाग विकास समिति, भारतीय योग संस्थान, पतंजलि परिवार, सर्व हितकारी योग संस्थान, लायंस क्लब अलवर मत्स्य, भारत विकास परिषद, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी और स्काउट एंड गाइड फैलोशिप जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
मित्तल फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी एवं लाफ्टर क्लब के संस्थापक डॉ. एस.सी. मित्तल ने सभी को बधाई देते हुए बताया कि हंसी के अध्ययन को 'जेलोटोलोजी' कहा जाता है। उन्होंने कहा, "इस वर्ष का विषय 'हंसी के माध्यम से विश्व शांति' रखा गया है। लाफ्टर योग शरीर में एंड्रोफ्रींन नामक प्राकृतिक हार्मोन का उत्पादन करता है, जो न केवल दर्द में राहत देता है बल्कि रक्त प्रवाह को बढ़ाकर हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी सिद्ध होता है।"
लाफ्टर योग की मुख्य क्रियाओं से पूर्व उपस्थित जनसमूह ने विभिन्न आसन, प्राणायाम और ध्यान योग का अभ्यास किया। डॉ. मित्तल ने जानकारी दी कि विश्व हास्य दिवस की शुरुआत 10 मई 1998 को डॉ. मदन कटारिया ने मुंबई में की थी। आज यह तनाव कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है।
कार्यक्रम के संयोजक और भारत विकास परिषद अलवर के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने एक रोचक 'लाफ्टर प्रश्नोत्तरी' का आयोजन किया। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को हाथों-हाथ पुरस्कृत किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
संयोजक गिरीश गुप्ता ने बताया कि आज का दिन अलवर के लिए दोहरा उत्सव है। अलवर लाफ्टर क्लब ने अपने सफल 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं। विदित रहे कि अलवर में इसकी शुरुआत 4 मई 2015 को हुई थी। इस विशेष अवसर पर क्लब के प्रथम प्रशिक्षक डॉ. रश्मि जैन और डॉ. सुनील जैन (जयपुर) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों से रूबरू होकर अपनी शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन द्वारा सभी को स्वास्थ्यवर्धक आहार वितरित किया गया। शहरवासियों ने इस सामूहिक हंसी और स्वास्थ्य उत्सव में भाग लेकर जीवन में सकारात्मकता लाने का संकल्प लिया।
Published on:
03 May 2026 11:43 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
