
अलवर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के नवलपुरा गांव मे एक मुकदमे की रंजिश को लेकर एक दर्जन से अधिक लोगों ने हमला कर माँ- बेटे को घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिये राजगढ़ चिकित्सालय लाया गया। हालात गम्भीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेटे को राजगढ़ से अलवर रैफर कर दिया गया। चिकित्सालय से मिली जानकारी के अनुसार नवलपुरा गाँव निवासी मुकेश कुमार प्रजापत ने बताया कि एक मुकदमे के मामले को लेकर गिरीराज, महेश आदि ने चारपाई के पाये से उसके साथ मारपीट की तथा उसे बचाने आई उसकी माँ सोमोती देवी को भी घायल कर दिया। मुकेश कुमार व उसकी माँ सोमोती देवी को उपचार के लिये राजगढ़ चिकित्सालय लाया गया। हालात गम्भीर होने पर मुकेश को राजगढ़ से अलवर रैफर कर दिया गया।
उधर, राजगढ़ क्षेत्र के बाँदीकुई मार्ग स्थित शेखा की बगीची हनुमान मंदिर से आगे शराब पीने के लिऐ रूपये नहीं देने पर एक युवक को मारपीट कर कुछ लोगों ने अचेत अवस्था में नाले में फेक दिया, जिससे युवक गंभीर अवस्था में घायल हुए हैं। इन्हें जयपुर रैफर कर दिया गया है। राजगढ़ चिकित्सालय में टहला थाना क्षेत्र के प्रेमपुरा गांव निवासी लोकेश कुमार शर्मा ने पर्चा बयान दिया कि प्रेमपुरा गांव के बावड़ी वाले हनुमान मंदिर के पास उसकी दुकान है। वह अपनी दुकान पर बैठा था। उसी समय सुरेर गांव निवासी हंसराज उसके पास आया। उसने कहा कि राजगढ़ चलते हैं। इसके बाद वो उसे बाइक पर बैठा कर बल्लूपुरा होते हुए राजगढ़ के सिनेमा हाल के पास ले गया। जहां से उसे पुराना राजगढ़ मार्ग पर बाँध हंसराज ले गया तथा शराब पिलाई। उसके बाद हंसराज ने बहला फुसलाकर कर उसकी सोने की अंगूठी पैंतालीस सौ रुपये में एक सुनार को बिकवा दी। उसके बाद उसने पैंतीस सौ रूपये एटीएम में जमा करवाकर एक हजार रूपये अपने पास रख लिये। हंसराज ने उससे शराब पीने के लिये रूपये माँगे तो उसने रूपये नहीं दिये। इस पर हंसराज ने उसके साथ मारपीट की जिससे वह अचेत हो गया तथा उसे बाईक पर बैठाकर शेखा की बगीची से आगे ले गया। जहां हंसराज ने अपने दो तीन साथियों को बुलाकर उसके साथ मारपीट कर अचेतन अवस्था में नाले की पुलिया के नीचे फेंक दिया। होश मे आने पर वो चिल्लाया। जिस पर ग्रामीणों ने उसे नाले से निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया। हालत गम्भीर होने पर चिकित्सक ने उसे जयपुर रैफर कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।