अलवर

ग्राम पंचायत को दे दी नगर पालिका की सौगात, काम नहीं होने से आमजन आहत

नौगांवा नगर पालिका में नहीं हो रहे जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र व विवाह पंजीयन
2 min read
Apr 03, 2024
ग्राम पंचायत को दे दी नगर पालिका की सौगात, काम नहीं होने से आमजन आहत
ग्राम पंचायत को दे दी नगर पालिका की सौगात, काम नहीं होने से आमजन आहत

नौगांवा ग्राम पंचायत को मिली नगर पालिका की सौगात इन दिनों आमजन के काम न होने के कारण परेशानी में डाल रही है। आरोप है कि यहां जन्म-मृत्यु ओर विवाह पंजीयन नहीं हो रहा है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान चुनावी सौगात के रूप में नौगांवा को नगर पालिका का दर्जा मिला, लेकिन यह दर्जा काम का न होकर केवल नाम का रह गया है। नगर पालिका बने करीब 6 माह से भी ज्यादा का समय बीत गया, लेकिन न यहां नगर पालिका को कोई स्थाई ईओ मिला। न बजट और न ही स्टाफ। ऐसे में नगर पालिका में होने वाले कामों के न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। कस्बाई लोगों ने बताया कि उनकी ओर से कई माह से अपने बच्चों के जन्म-प्रमाण पत्र और अपने दिवंगत हुए परिजनों के मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया हुआ है, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी नगर पालिका की ओर से इन्हें नहीं बनाया जा रहा है, जिसके कारण उनके कार्य अटके हुए हैं। इसी प्रकार लोगों ने अपने विवाह पंजीयन के आवेदन किए हुए है, लेकिन इन्हें बनाने वाला कोई धणी-धोरी नहीं है।


21 दिन के बाद हो जाती है जटिल प्रक्रिया

जानकारों का कहना है कि जन्म और मृत्यु के 21 दिन तक आवेदन करने की सामन्य प्रक्रिया है, जिसमें आमजन को कोई परेशानी नहीं आती। केवल कुछ आवश्यक दस्तावेजों को ग्राम पंचायत एवं नगरपालिका में जमा कर इन्हें बनवाया जा सकता है, लेकिन 21 दिन के बाद आवेदन की प्रक्रिया बेहद जटिल हो जाती है। इसके लिए तहसील कार्यालय में आवेदन कर तहसीलदार से आवेदन को मार्क कराया जाता है। उसके बाद आंगनबाडी और वार्ड पंच के साथ ग्राम सचिव अथवा नगर पालिका ईओ की रिपोर्ट कराने का प्रावधान है। जिसके बाद ही ये प्रमाण-पत्र बन सकते है। ऐसे में नियत समय में आवेदन करने वाले लोगों की 21 दिन की समय सीमा समाप्त हो जाती है। जिसके बाद उन्हें इस प्रक्रिया से गुजरते हुए कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर होना पडेगा।

ईओ भी नहीं लगाया
नौगांवा नगर पालिका बनने के बाद न तो स्थाई ईओ मिला और न ही स्टाफ। ऐसे में में नौगांवा तहसीलदार को ही ईओ का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। पालिका के लिए कोई भवन की अलग से व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण पुराने ग्राम पंचायत भवन से ही नगर पालिका का संचालन हो रहा है। ईओ के अभाव में लोगों को तहसील के चक्कर काटने को मजबूर होना पडता है।

यह था पंजीयन का आकड़ा
नगर पालिका बनने से पूर्व ग्राम पंचायत स्तर पर नौगांवा ग्राम पंचायत में प्रमाण-पत्र व पंजीयन होने का आंकडा 1 जनवरी 2022 से 12 सितम्बर 2023 तक सही चल रहा था। जन्म प्रमाण पत्र पंजीकरण 64, मृत्यु प्रमाण पत्र पंजीकरण 68 और विवाह पंजीयन 68 था।

विवाह पंजीयन का कार्य अटका
स्टाफ के अभाव के कारण जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन के कार्य अटके हुए है। इस सम्बन्ध में कलक्टर को पत्र लिखा गया है। जल्द ही लिपिक की नियुक्ति हो जाएगी, जिसके बाद सभी कार्य सुचारू हो सेकेंगे।
-राजीव सैनी, चेयरमैन नौगांवा नगरपालिका।
समस्याओं का समाधान करेंगे
नगर पालिका में स्टाफ न होने के कारण परेशानी हो रही है। जल्द इस समस्या के समाधान की कोशिश करेंगे, जिससे आमजन को परेशान न होना पडे।
-उमेश कुमार, तहसीलदार एवं ईओ, नौगांवा।

Published on:
03 Apr 2024 05:39 pm