
Madan Dilawar: पिनान में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री (फोटो-पत्रिका)
अलवर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को पिनान में 2 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से बने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भवन का फीता काट कर लोकार्पण किया। इस दौरान दिलावर ने सफाई-व्यवस्था का जिक्र करते हुए ग्रामीणों को मां गंगा की सौगंध दिलाते हुए पूछा कि बताओ, वास्तव में गांवों और कस्बों में नियमित सफाई हो रही है या नहीं? भरे पांडाल में लोगों ने जवाब दिया-नहीं।
ग्रामीणों का जवाब सुनकर मंत्री मदन दिलावर जिम्मेदार अधिकारियों पर नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार साफ-सफाई के नाम पर प्रतिमाह लाखों रुपए देती है। केवल कागजों में सफाई-अभियान दिखाने से काम नहीं चलेगा। जिसने भी इस पैसे का दुरुपयोग किया है, उससे सारा पैसा वसूला जाएगा।
लोकार्पण के बाद मंत्री ने छात्राओं से शिक्षा, रहन-सहन व भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। सभी छात्रावास अधीक्षकों एवं वाचमैन को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही, कहा कि छात्राओं से मिलने की अनुमति केवल उनके पंजीकृत अभिभावकों को ही दी जाए। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवास एवं उज्ज्वल भविष्य की नई दिशा प्रदान करेगा।
पंचायत राज विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए दिलावर ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही, कहा कि ग्रामीण विकास, स्वच्छता और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करते हुए नियमित निरीक्षण किया जाए।
भाजपा नेता बन्ना राम मीणा ने मंत्री के समक्ष खेल मैदान की चारदीवारी व कस्तूरबा टाइप-थ्री के कंडम भवन के पुनर्निर्माण की मांग रखी। जिस पर मंत्री मदन दिलावर ने कम से कम 4 छात्राओं के बोर्ड परिणाम में 97 फीसदी अंक लाने की शर्त रखते हुए भवन को आलीशान बनाने की घोषणा की। खेल मैदान की चारदीवारी के लिए रैणी एसडीएम व विकास अधिकारी को निर्देश दिए।
उन्होंने रैणी विकास अधिकारी सुशीला यादव को सबसे पहले नालियों की स्वीकृति देने के निर्देश दिए। मंत्री दिलावर ने आमजन की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, भाजपा नेता इन्द्र यादव, जिला मंत्री ओबीसी मोर्चा रघुवीर सैनी सहित शिक्षा व पंचायती राज विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Updated on:
11 Jul 2026 08:13 pm
Published on:
11 Jul 2026 08:12 pm
