
भारतीय वायुसेना के जवान विक्रम पायला को अंतिम विदाई देते हुए। फोटो: पत्रिका
कोटपूतली-बहरोड़। घर में शनिवार को बेटे के आने की तैयारियां थीं। परिजन छुट्टी पर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन दरवाजे पर पहुंचा तिरंगे में लिपटा उसका पार्थिव शरीर। नारायणपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोलाहेड़ा की बावड़ी की ढाणी निवासी भारतीय वायुसेना के जवान विक्रम पायला (27) का गुजरात में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। शनिवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के समय छह माह की मासूम बेटी ने पिता को मुखाग्नि दी, जबकि पत्नी ने नम आंखों से अंतिम सैल्यूट कर उन्हें विदा किया। इस मार्मिक दृश्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
एयरफोर्स के अतुल शर्मा ने बताया कि हवलदार विक्रम पायला गुजरात के गांधीनगर स्थित एयरफोर्स स्टेशन बड़सर की 787 एसयू बटालियन में तैनात थे। शनिवार को ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल गांधीनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। इसके बाद सेना ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विक्रम ने छह जून 2018 को भारतीय वायुसेना जॉइन की थी। वे तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में पत्नी, छह माह की बेटी, दो छोटे भाई और एक बहन हैं। परिजनों के अनुसार, उनकी पत्नी से हाल ही में बात हुई थी और उन्होंने शनिवार को घर आने की बात कही थी, लेकिन उनकी जगह तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर पहुंचा।
एयरफोर्स जवान के मामा चेतराम तंवर ने बताया कि विक्रम 787 एसयू बटालियन, एयरफोर्स स्टेशन बड़सर (गांधीनगर, गुजरात) में तैनात थे। गुरुवार रात 12 बजे विक्रम के परिवार को फोन पर सूचना मिली कि उनकी तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें गांधीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। इस पर विक्रम के पिता पप्पू गुर्जर गांधीनगर पहुंचे। इसके बाद एंबुलेंस से विक्रम की पार्थिव देह को नारायणपुर लेकर आए। दोपहर 3 बजे जवान की पार्थिव देह जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची पत्नी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
Updated on:
12 Jul 2026 07:30 am
Published on:
12 Jul 2026 07:29 am
