अलवर

भिवाड़ी मर्डर केस: अपमान का बदला लेने के लिए बाप-बेटे ने दंपती को उतारा था मौत के घाट, किए और भी कई खुलासे

अलवर के भिवाड़ी में दंपती ही हत्या का खुलासा हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 17 Feb 2018, 10:42 AM IST
Mystery of bhiwadi murder case solved

भिवाड़ी. प्रतिशोध की ज्वाला को शांत करने के लिए बंटी गुर्जर ने बेटे प्रदीप उर्फ चुन्नू एवं उसके दोस्त शाहरुख के साथ मिलकर बाबा मोहनराम मंदिर पर प्रसाद की दुकान लगाने वाले दंपती की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या की थी। 7 फरवरी की रात हुए दोहरे हत्याकांड के बाद से ही तीनों आरोपी फरार थे।

फूलबाग थाना पुलिस ने एसएचओ विक्रांत शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को मिलकपुर निवासी मुख्य आरोपित 24 वर्षीय चुन्नू एवं तावडू निवासी 19 वर्षीय दोस्त शाहरुख को तिजारा से गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी। वहीं पुलिस मुख्य आरोपित के पिता बंटी गुर्जर की तलाश कर रही है। बता दें कि आरोपित बंटी गुर्जर भी दंपती की दुकान के समीप ही अपनी प्रसाद की दुकान चलाता है।

बाबा नागर दास को भी थी मारने की योजना

मिलकपुर गुर्जर स्थित कालीखोली धाम पर प्रसाद की दुकान लगाने वाले 45 वर्षीय रामेश्वर एवं 40 वर्षीय उत्तमदेवी की हत्या करने से पहले तीनों आरोपी मंदिर में रहने वाले बाबा नागरदास की हत्या करने गए थे। लेकिन बाबा के नहीं मिलने पर वह झोपड़ी में सो रहे दंपती के पास पहुंचे। यहां पर उन्होंने पहले रामेश्वर पर वार किया। पति को बचाने के लिए उत्तमदेवी लोगों को बुलाने भागी को तो चुन्नू ने उसको भी कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद तीनों आरोपित वहां से फरार हो गए।

3 राज्यों में छिपकर 9 दिन तक दिया पुलिस को चकमा

आरोपित 9 दिन तक भिवाड़ी पुलिस को 3 राज्यों में छिपकर चकमा देते रहे। पुलिस जहां भी जाती आरोपित उससे पहले ही फरार हो जाते। सबसे बड़ी बात यह थी कि आरोपित मोबाइल का उपयोग नहीं कर रहे थे। इससे पुलिस को आरोपितों तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ रही थी। हत्या के बाद आरोपित पहले तिजारा पहुंचे थे। इसके बाद दिल्ली एवं यूपी में छिपे रहे। लेकिन पुलिस ने शुक्रवार को आरोपितों को तिजारा से गिरफ्तार कर लिया।

चुन्नू बिना शादी के रहता था महिला के साथ

प्रदीप उर्फ चुन्नू आशिक मिजाजी के चलते आज वह सलाखों के पीछे पहुंच गया है। भिवाड़ी में इस तरह के कई मामलों में वह संलिप्त पाया गया था। अभी भी वह दिल्ली स्थित शाहदरा में खिजूरी खास में बिना शादी किए एक महिला के साथ रह रहा था। जिससे उसको एक बेटा भी है। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद तिजारा के बाद सबसे पहले वह उक्त महिला के पास खिजूरी खास पहुंचा था। पुलिस जब खिजूरी पहुंची तो वह यहां से यूपी भाग गया। यहां से मेरठ जाकर महिला के जानकारों के यहां रहा। लेकिन आखिरकार आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।

बंटी गुर्जर ने बेटे प्रदीप उर्फ चुन्नू एवं उसके दोस्त शाहरुख खान के साथ मिलकर दंपती को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतारा था। चुन्नू एवं शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाबा नागरदास ने एक माह पहले रामेश्वर की शिकायत पर बंटी को थप्पड़ मारे थे। इसी का बदला लेने के लिए बंटी ने बेटे के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया। तीसरे आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- विक्रांत शर्मा, एसएचओ, थाना फूलबाग, भिवाड़ी।

Published on: