अलवर

अलवर में बदमाशों ने दिनदहाड़े विद्युत निगम के लाइनमैन के साथ किया ऐसा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

अलवर में विद्युत लाइनमैन के साथ हुई घटना सीसीटीवी में कैद हो गए।
2 min read
Jun 26, 2018
One lakh rupees loot in alwar CCTV footage
अलवर में बदमाशों ने दिनदहाड़े विद्युत निगम के लाइनमैन के साथ किया ऐसा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

अलवर. शहर में सोमवार को दिनदहाड़े विद्युत निगम के एक लाइनमैन का एक लाख रुपए से भरा थैला पार हो गया। उसने अपनी सेवानिवृत्ति पर होने वाले कार्यक्रम के लिए बैंक से रुपए निकाले थे।

विवेकानंद नगर सेक्टर चार निवासी डालचंद (60) पुत्र भगवान सहाय सैनी ने बताया कि वह विद्युत निगम उमरैण में लाइनमैन द्वितीय के पद पर कार्यरत है। 30 जून को वह सेवानिवृत्त हो रहा है। इस मौके पर होने वाले कार्यक्रम के लिए वह सोमवार दोपहर करीब 1.15 बजे कंट्रोल रूम के सामने स्थित एबीबीजे बैंक से एक लाख रुपए निकालने गया।

रुपए निकालने के बाद उसने उन्हें अपने थैले में रख लिया और मोपेड़ पर थैला टांग घर लौट रहा था। जैसे ही वह कुछ दूर चला बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए वह गोपाल टॉकीज के सामने स्थित एक फर्नीचर की दुकान की सीढिय़ों पर बैठ गया। उसका थैला मोपेड पर ही टंगा हुआ था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और उससे पूछा कि शोरूम खुला है क्या? लाइनमैन के अनुसार युवकों का एक तीसरा साथी पैदल था और मोपेड के पास खड़ा था। लाइनमैन के पता कर लो कहने पर एकबारगी बाइक सवार युवक चले गए, लेकिन उनका तीसरा साथी वहीं खड़ा रहा।

कुछ देर बाद उनमें से एक युवक फिर से बाइक लेकर आया और पैदल खड़े युवक के समीप खड़ा हो गया। पैदल खड़े युवक ने इसी बीच मोपेड पर टंगे थैले को चुरा लिया और अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर कंट्रोल रूम की ओर भाग निकला। थैले में एक लाख रुपए, बैक की पास बुक व आधार कार्ड थे। मामले में लाइनमैन ने कोतवाली थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बैंक से लगे पीछे, कैद हुई करतूत

लाइनमैन के अनुसार उसने इन तीनों युवकों को बैंक में भी देखा था। तीनों युवक बैंक से ही उसके पीछे लग गए। युवकों की करतूत फर्नीचर की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी आई है। लाइनमैन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फर्नीचर की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले।

हाथ में था काला बैग

सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि रुपयों से भरा थैला पार करने वाला युवक पैदल-पैदल आया। उसके हाथ में एक काला हैण्डबैग था। युवक कुछ देर तक मोपेड के पास खड़ा रहा। बाद में वह मोपेड पर टंगे थैले को उतार समीप खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर कंट्रोल रूम की ओर फरार हो गया।

Published on:
26 Jun 2018 09:03 am