
अलवर. गणतंत्र दिवस के नजदीक आते ही शहर में हर तरफ देशभक्ति का रंग नजर आने लगा है। शहर के बाजारों में गणतंत्र दिवस से जुड़े सामान की बिक्री हो रही है। वहीं, इंदिरा गांधी स्टेडियम में तैयारियों का दौर जारी है।
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस बार 20 स्कूलों के करीब 1 हजार विद्यार्थी कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम प्रभारी मुकेश गुप्ता ने बताया कि पीटी, परेड के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा ध्यान , योग व जिमनास्टिक आदि के कार्यक्रम भी होंगे। सरकारी विभागों की ओर से योजनाओं पर आधारित झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी। इससे पूर्व 25 जनवरी को प्रताप ऑडिटोरिय में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयेाजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हर बार नए कार्यक्रम लिए जाते हैं। जो पिछले सालों से हटकर होते हैं।
तिरंगी झंडियों से सजा बाजार
शहर के मन्नी का बड़, मनुमार्ग, होपसर्कस, कालाकुआं, शिवाजी पार्क आदि में स्टेशनरी आदि की दुकानों पर गणतंत्र दिवस से जुड़े सामान की बिक्री शुरु हो गई है। गणतंत्र दिवस पर स्कूलों में समारोह आयेाजित किया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेते हैं। इसके चलते बाजारों में तिरंगे झंडे, तिरंगी टोपिया, बैंड, टीशर्ट के अलावा देशभक्ति के संदेश देती अन्य सामग्री बिक्री के लिए रखी गई है। इस दिन देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके लिए देशभक्ति गीतों की सीडी की बिक्री भी होने लगी है।