अलवर

राजस्थान में सरकारी स्कूलों के संस्था प्रधानों को दिया ऐसा लक्ष्य, पूरा करने मे आएंगे पसीने

सरकारी विद्यालयों के संस्था प्रधानों को शिक्षा निदेशालय की ओर से नए सत्र में पिछले साल की संख्या से १० प्रतिशत नामांकन बढ़ोतरी के लक्ष्य दिए है।

2 min read
Apr 10, 2018
ORDER TO INCREASE 10 PERCENT STUDENTS IN GOVT. SCHOOLS

अलवर. सरकारी स्कूलों में इस बार नए शिक्षण-सत्र के दौरान सभी संस्था प्रधानों को पिछली संख्या के आधार पर 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ लक्ष्य दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने प्रवेशोत्सव की तैयारिंया तेज कर दी हैं। इस बार शिक्षा निदेशालय माध्यमिक शिक्षा ने साफ कहा है कि प्रत्येक माध्यमिक व सीनियर माध्यमिक विद्यालय के लिए कक्षा 1 से 5 वीं तक 150, कक्षा 6 से 10 वीं तक 100, कक्षा 11 से 12 वीं तक 100 विद्यार्थियों की न्यूनतम संख्या हो। इसके लिए पूरा स्कूल स्टाफ और संस्था प्रधान सामूहिक रूप से प्रयास करें।

इस बार परीक्षा समाप्त होते ही विद्यार्थियो को अगली कक्षा में प्रवेश दे दिया जाएगा जिससे वे प्राइवेट स्कूलो ंमें नही जा सके। इसके लिए विद्यालयों के शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से मिलेंगे और उन्हें सरकारी स्कूलों के फायदे बताएंगे। इस प्रकार जो शिक्षक व संस्था प्रधान लक्ष्य से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश देंगे उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार इस लक्ष्य में पिछडऩे वाले शिक्षकों व संस्था प्रधानों को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। इसलिए कई संस्था प्रधान अभी से ही लक्ष्य को पूरा करने की तैयारियों में लग गए हैं।

दो चरणों में होगा प्रवेशोत्सव

गैर सरकारी स्कूलों से प्रतिस्पर्धा करने के लिए इस बार सरकारी विद्यालयों में दो चरणों में प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। पहली चरण 26 अप्रेल से 9 मई तक जबकि दूसरा चरण 19 से 30 जून तक चलाया जाएगा। इस दौरान होने वाली गतिविधियों को संस्था प्रधान रजिस्टर में नोट करेंगे। इस प्रवेशोत्सव में घर जाकर बच्चों व उनके अभिभावकों को प्रवेश निमंत्रण पत्र सौंपे जाएंगे। इसके लिए सभी स्कूलों के शिक्षकों व संस्था प्रधानों को पहले से ही तैयारी करने को कहा है। प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यालय परिसीमन क्षेत्र में आने वाले 6 से 14 आयु वर्ग के शिक्षा से वंचित रहे बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाएगा। प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियो को निशुल्क पुस्तकों का भी वितरण किया जाएगा।

Published on:
10 Apr 2018 04:24 pm