
श्रद्धांजलि देते हुए सीएम भजनलाल शर्मा समेत अन्य लोग (पत्रिका फोटो)
अलवर: बहरोड़ विधायक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत यादव का सोमवार को उनके पैतृक गांव सिलपटा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेटे मोहित यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने उनके पार्थिव शरीर पर बीजेपी का ध्वज ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बीजेपी नेता, कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
बता दें कि डॉ. जसवंत यादव का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह अलवर शहर के जसवंत नगर स्थित उनके आवास से पैतृक गांव सिलपटा (बहरोड़) के लिए रवाना किया गया था। मोक्ष वाहिनी में पार्थिव शरीर को रखकर गांव ले जाया गया। इस दौरान राज्यमंत्री संजय शर्मा समेत बीजेपी के कई नेता और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। अंतिम संस्कार के बाद उनकी पत्नी किरण यादव को तिरंगा सौंपा गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को खैरथल-तिजारा जिले के सिलपटा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने डॉ. जसवंत यादव की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
डॉ. जसवंत यादव के निधन की खबर मिलने के बाद रविवार शाम से ही अलवर स्थित उनके आवास पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सोमवार सुबह भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उनके पैतृक गांव सिलपटा में भी अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई थीं। गांव में सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचने लगे थे।
डॉ. जसवंत यादव पिछले कई वर्षों से कैंसर से पीड़ित थे। जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। रविवार सुबह 8:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद रविवार शाम करीब 4 बजे उनका पार्थिव शरीर अलवर स्थित आवास पर लाया गया था, जहां लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी।
डॉ. जसवंत यादव का राजनीतिक जीवन करीब चार दशक का रहा। वे चार बार विधायक और एक बार सांसद चुने गए। राजस्थान सरकार में श्रम मंत्री के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। अलवर और बहरोड़ क्षेत्र की राजनीति में उनकी गिनती प्रभावशाली नेताओं में होती थी। उनके निधन को भाजपा के साथ ही क्षेत्र की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
डॉ. जसवंत सिंह यादव का जन्म वर्ष 1953 में अलवर जिले के कोटकासिम क्षेत्र के सिलपटा गांव में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई गांव में हुई। इसके बाद उन्होंने अलवर के नवीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की। कॉलेज की पढ़ाई अजमेर के रीजनल कॉलेज से की और बाद में दिल्ली से बीएमएस की डिग्री हासिल की। उनकी राजनीतिक सक्रियता छात्र जीवन से ही शुरू हो गई थी। वे दिल्ली विश्वविद्यालय में उपाध्यक्ष चुने गए थे। वर्ष 1985 में कांग्रेस से जुड़कर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने। इसी साल उन्होंने मुंडावर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं सके।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
9 Nov 2026, 5:55 PM IST
Published on:
9 Nov 2026, 5:41 PM IST
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़




