अलवर

बिन चर्चा ही कांग्रेस में बन गया लोकसभा प्रत्याशी का पैनल

अलवर. जिला कांग्रेस कमेटी को बैठक कर लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी का पैनल तय करना था, लेकिन अलवर जिले के कांग्रेस नेताओं ने कमाल कर आपस में कान-कान में गुफ्तगू कर प्रत्याशी का पैनल तैयार कर दिया। जबकि बैठक में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पर किसी भी नेता या पदाधिकारी से राय तक नहीं ली गई।
2 min read
Jan 14, 2019
Panel of Lok Sabha Candidates in Without Discussion Only In Congress
बिन चर्चा ही कांग्रेस में बन गया लोकसभा प्रत्याशी का पैनल

पूरे समय बैठक में रामगढ़ विधानसभा चुनाव की रणनीति पर ही चर्चा होती रही, लेकिन लोकसभा चुनाव को लेकर किसी भी पार्टी नेता व पदाधिकारी ने कुछ नहीं कहा। जबकि पिछले दिनों ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पत्र भेजकर सभी जिला कांग्रेस कमेटी को 13 जनवरी को बैठक कर लोकसभा चुनाव के लिए पैनल तैयार करने के निर्देश दिए थे।

अलवर जिले में नहीं हुई चर्चा

कांग्रेस की बैठक अलवर में भी हुई, लेकिन इसमें रामगढ़ चुनाव में पार्टी की ओर से अपनाई जाने वाली रणनीति पर ही चर्चा होती रही। इस बैठक में रामगढ़ चुनाव प्रभारी एवं राज्य के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा, जिला प्रभारी मंत्री ममता भूपेश, श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली, सांसद डॉ. करणसिंह यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, एआईसीसी के सचिव जुबेर खां, संजय बापना समेत कई अन्य बड़े नेता व पदाधिकारी शामिल हुए, लेकिन चर्चा रामगढ़ चुनाव के इर्द-गिर्द ही घूमती रही। पूरी बैठक में लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी पैनल पर किसी नेता ने कोई चर्चा नहीं की। जबकि जिला कांग्रेस कमेटी से लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर पीसीसी को भेजना था।

पैनल तैयार कर लिया

पीसीसी अध्यक्ष के निर्देशानुसार रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी का पैनल तैयार कर लिया गया है। पैनल तैयार करने के लिए पीसीसी की गाइड लाइन के अनुसार पार्टी नेता व पदाधिकारियों से चर्चा की गई है।

टीकाराम जूली

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं श्रम राज्य मंत्री

भाजपा खेलेगी इस बार नए चेहरे पर दांव

भाजपा की ओर से इस बार अलवर लोकसभा क्षेत्र से नया चेहरा आने की संभावना जताई जा रही है। इसका कारण है कि पिछले लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए महंत चांदनाथ का पूर्व में लंबी बीमारी के बाद आकस्मिक निधन हो चुका है। वहीं गत लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. जसवंत यादव पहले ही कोई चुनाव लडने से इनकार कर चुके हैं। एेसे में नये चेहरा उतारना पार्टी के लिए जरूरी हो गया है। फिलहाल चर्चा में अलवर शहर विधायक संजय शर्मा, किशनगढ़बास के पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव एवं विकल्प के रूप में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानदेव आहूजा के नाम बताए गए हैं। कुछ अन्य पार्टी नेताओं के नाम भी लोगों की चर्चा में तैरते दिखाई पड़ते हैं।

संघ ने भी किया लोकसभा चुनाव पर मंथन

राष्ट्रीय स्वयं सेवक के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पिछले दिनों अलवर में दो दिवसीय बैठक कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। इस बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में अलवर लोकसभा चुनाव में भाजपा के संभावित प्रत्याशियों पर भी चर्चा हुई।

Published on:
14 Jan 2019 01:34 pm