अलवर

सरिस्का में दो बाघों की मौत के बाद अब पैंथर की मौत, वन चौकी से मात्र 200 मीटर दूर मिला शव

https://www.patrika.com/alwar-news/
less than 1 minute read
Nov 22, 2018
Panther Death In Sariska Tiger Reserve
सरिस्का में दो बाघों की मौत के बाद अब पैंथर की मौत, वन चौकी से मात्र 200 मीटर दूर मिला शव

सरिस्का बाघ परियोजना क्षेत्र में बाघ-बघेरों की आफत टल नहीं रही है। सरिस्का में हाल ही दो बाघों के शिकार और दो बाघों के घायल होने के बाद अब एक पैंथर की मौत हो गई। बाघ परियोजना सरिस्का के टहला रेंज क्षेत्र के खोह बीट वन चौकी के महज 200 मीटर की दूरी पर दाता मोड़ बांध में बुधवार को पैंथर का शव मिला।

क्षेत्रीय वन रेंज कार्यालय टहला के सहायक वन संरक्षक सुमीत बसंल एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी धुणीलाल रैगर ने बताया कि पैंथर नर है, जिसकी उम्र महज डेढ़ से 2 वर्ष बताई जा रही है। पैंथर का शव 14 से 18 घण्टे पुराना बताया। सूचना पर बुधवार शाम साढ़े 4 बजे पहुंचे वन अधिकारियों व वनकर्मियों ने शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल का जायजा लिया। पंचनामा तैयार गया और पैंथर के शव को पोस्टमार्टम के लिए टहला रेंज कार्यालय में रखवाया।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई गुरुवार को कराई जाएगी। टहला रेंज अधिकारियों ने बताया कि पैंथर की मौत के कारणों के बार में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। घटनास्थल पर दो पैंथरों के पग मार्क मिले हैं। संभावना है कि शायद इनमें झगड़ा हुआ, जिससे उसकी मौत हुई। पैंथर के शव पर गोली आदि के कोई निशान नहीं मिले हैं। पैंथर की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

Published on:
22 Nov 2018 11:48 am