अलवर

प्रधानमंत्री मोदी के अलवर दौरे में बड़ी लापरवाही, प्रशासन में मचा हडक़ंप, अब एक-दूसरे पर फोड़ रहे ठीकरा

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Dec 13, 2018
Pm Modi Alwar Visit Big Negligence In Pm Modi Alwar Visit In Election
प्रधानमंत्री मोदी के अलवर दौरे में बड़ी लापरवाही, प्रशासन में मचा हडक़ंप, अब एक-दूसरे पर फोड़ रहे ठीकरा

अलवर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलवर दौरे में बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रधानमंत्री के दौरे से दो दिन पहले 23 नवम्बर को रिहर्सल में मेडिकल टीम देरी से पहुंची। मेडिकल टीम को विजय नगर ग्राउण्ड में बनाए हैलीपेड पर पहुंचना था, लेकिन टीम को जो लिखित आदेश मिले उसमें विजय नगर हैलीपेड की जगह विजय मंदिर हैलीपेड लिखा हुआ था। एसपीजी की नाराजगी के बाद प्रशासन में हडक़म्प मच गया। अब इस लापरवाही का ठीकरा एक-दूसरे के सिर फोड़ा जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 नवम्बर को अलवर के विजय नगर ग्राउण्ड में सभा हुई। सभास्थल के पास ही हैलीपेड बनाया गया। प्रधानमंत्री की सभा की तैयारियों के लिए एसपीजी ने तीन-चार दिन पहले ही अलवर में पड़ाव डाल दिया था। प्रधानमंत्री दौरे के लिए 23 नवम्बर को सभास्थल ग्राउण्ड में पुलिस व प्रशासन की रिहर्सल हुई। इसमें में सामान्य अस्पताल की मेडिकल टीम को भी बुलाया गया। मेडिकल टीम को पहले 11.30 बजे पहुंचना था, लेकिन टीम करीब 10 मिनट देरी से पहुंची। जिस पर एसपीजी के अधिकारियों ने जिला कलक्टर के सामने नाराजगी जताई।

जिला कलक्टर ने मामले में जांच के आदेश दिए। जिससे चिकित्सा विभाग के अधिकारियों में हडक़म्प मच गया। मामले में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. छबील कुमार ने मेडिकल टीम में शामिल चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा। टीम में शामिल डॉ. दीपक श्रीवास्तव, डॉ. अशोक महावर, डॉ. योगेश उपाध्याय और डॉ. महेश वशिष्ठ सहित नर्सिंग स्टाफ और एम्बुलेंस के चालक के बयान दर्ज किए।

पहले 9.30 बुलाया फिर 11.30 बजे

पहले मेडिकल टीम को एम्बुलेंस सहित 9.30 बजे प्रधानमंत्री मोदी के सभास्थल पर रिहर्सल के लिए पहुंचने को कहा गया। मेडिकल टीम साढ़े 9 बजे से पहले ही सामान्य अस्पताल पहुंच गई, लेकिन इतने में ही अस्पताल के पीएमओ डॉ. भगवान सहाय ने टीम को मैसेज किया कि उन्हें 11.30 बजे रिहर्सल के लिए जाना है, लेकिन टीम समय पर नहीं पहुंची। अब प्रशासन, चिकित्सा विभाग के अधिकारी और मेडिकल टीम स्टाफ एक-दूसरे के सिर लापरवाही का ठीकरा फोडऩे में लगे हैं।

जिला कलक्टर को रिपोर्ट भेजी

प्रधानमंत्री के दौरे की रिहर्सल में मेडिकल टीम के देरी से पहुंचने की रिपोर्ट मिली थी। रिपोर्ट को जिला कलक्टर को भिजवा दिया गया है।
-डॉ. एसएस अग्रवाल, सीएमएचओ, अलवर।

Published on:
13 Dec 2018 10:33 am