अलवर

पीएम मोदी की जयपुर सभा के कारण हजारों विद्यार्थियों को हुआ नुकसान, इस तरह पढ़ाई पर पड़ेगा प्रभाव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जयपुर सभा के कारण हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई को नुकसान हो रहा है।
2 min read
Jul 07, 2018
PM modi in jaipur : School holiday in alwar after buses sent for rally
पीएम मोदी की जयपुर सभा के कारण हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई को हुआ नुकसान, इस वजह से स्कूल रहेंगे बंद

अलवर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जयपुर में होने वाली सभा के कारण अलवर के स्कूली विद्यार्थियों की पढ़ाई में व्यवधान आया है। शनिवार को शहर के अधिकतर निजी स्कूलों में अवकाश रहेगा। कुछ स्कूल खुलेंगे, उनमें भी पीटीएम रखी गई है। ऐसा इसलिए किया गया है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शनिवार को जयपुर में होने वाले लाभार्थी संवाद व सभा में लाभार्थियों को ले जाने के लिए स्कूली बसों को लगा दिया गया है।

प्रधानमंत्री के जयपुर में होने वाले कार्यक्रम के लिए जिले से 330 बसों की मांग की गई थी। प्रधानमंत्री की सभा मे जिले के 13 हजार 500 लाभार्थी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इनके साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी जयपुर जाएंगे। इन सभी को ले जाने के लिए निजी बसों का भी उपयोग किया जा रहा है।

निजी स्कूल संचालकों का कहना है कि बसें नहीं होने के कारण बच्चों को शनिवार को स्कूल जाने में परेशानी उठानी पड़ सकती है, इसलिए किसी स्कूल में अवकाश घोषित कर दिया तो किसी स्कूल में पीटीएम बुलाई गई। निजी स्कूलों ने इसकी सूचना अभिभावकों को मोबाइल एसएमएस समेत अन्य माध्यमों से दे दी। कुछ स्कूलों में एक-दो रूटों की बस जयपुर गई है, उन स्कूलों में अलवा वाहिनी से स्कूल ले जाने के प्रबंध किए गए हैं।

अभिभावकों को मैसेज भेजकर दी सूचना

अलवर में कई स्कूलों के प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को भेजे गए मैसेज में लिखा है कि शनिवार को स्कूल में बच्चों का अवकाश रहेगा क्योंकि स्कूल बसें सरकारी ड्यूटी में लगा दी गई है। कई स्कूलों में केवल अध्यापक ही स्कूलों में आएंगे, विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई है।

बसें अधिग्रहण करने कार्य आरटीओ को दिया था। हमारा प्रयास है कि कहीं भी व्यवस्था नहीं बिगड़े और कार्यक्रम भी हो जाए। वैसे स्कूल की छुट्टी नहीं होनी चाहिए। इस मामले को दिखवाता हूं।
प्रकाश राजपुरोहित, जिला कलक्टर, अलवर

Published on:
07 Jul 2018 10:40 am